चंडीगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। पंजाब (Punjab) विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह (Speaker Kultar Singh) फरीदकोट जिला के कोटकपूरा हलके के छोटे से गांव संधवा के रहने वाले हैं। यहां से निकलने वाले लोग राष्ट्रपति से लेकर मुख्यमंत्री, मंत्री और विधानसभा स्पीकर तक बने। ऑटोमोबाइल इंजीनियर कुलतार सिंह इसी गांव से ताल्लुक रखने वाले देश के राष्ट्रपति रहे ज्ञानी जैल सिंह के छोटे भाई के पोते हैं। ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग कुलतार सिंह संधवां का जन्म 16 अप्रैल, 1975 को गांव संधवां में जगतार सिंह व गुरमेल कौर के घर हुआ था। उनके दादा जगीर सिंह व पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह सगे भाई थे। कर्नाटक की यूनिवर्सिटी से ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग करने के बाद कुलतार सिंह संधवां ने 2003 में पहली बार अपनी पंचायत में सरपंची का चुनाव लड़ा। वह 2003 से 2008 तक संधवां की पंचायत के सरपंच भी रहे।
2011-12 में आम आदमी पार्टी ने जब पंजाब में सदस्यता अभियान चलाया तो उन्होंने पार्टी ज्वाइन कर ली। 2017 विधानसभा चुनाव (Assembly elections) में पार्टी ने उन्हें कोटकपूरा से टिकट दी तो उन्होंने पहली बार में ही कांग्रेस और अकाली दल के दिग्गजों को पछाड़ते हुए जीत हासिल की थी। आम आदमी पार्टी के किसान विंग के प्रांतीय अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने किसान आंदोलन में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनकी वजह से ही पार्टी की छवि किसान हितैषी बनी थी। वह खुद भी किसान परिवार से आते हैं और आज भी उनका सारा परिवार गांव में ही रहता है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 21 , 2022, 12:59 PM