कल होगी भाजपा के उत्तराखंड विधानमंडल दल की बैठक

Sat, Mar 19 , 2022, 12:50 PM

Source : Uni India

देहरादून, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री (Chief Minister) को लेकर जल्द ही इंतजार खत्म होने वाला है। भाजपा के केंद्रीय संगठन ने उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बनाए गए दोनों पर्यवेक्षक आज शाम या कल सुबह देहरादून पहुंच जाएंगे। यह दोनों पर्यवेक्षक विधानमंडल दल की बैठक में पार्टी विधायकों से बात कर दल के नेता का निर्णय करेंगे। उत्तराखंड में वैसे तो कल होली मनाई गई, लेकिन आज भी कुछ जिलों में होली मनाई जा रही है। शायद इसीलिए पार्टी ने कल विधानमंडल दल की बैठक रखी है। ताकि सभी विधायक अपने क्षेत्र में होली पर्व मनाकर आसानी से राजधानी देहरादून पहुंच सकें। इसलिए अब या राज्य में सरकार के गठन को लेकर सस्पेंस खत्म होने वाला है। कल यानी 20 मार्च को भाजपा के उत्तराखंड विधानमंडल दल की बैठक होगी। भाजपा ने सभी विधायकों को कल देहरादून में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। राजनाथ सिंह और मीनाक्षी लेखी भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में शामिल होंगे। दूसरी तरफ नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी भी शुरू हो गई है। इसको लेकर 17 मार्च को प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने प्रदेश पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक कर जरूरी निर्देश दिए थे। उन्होंने उस बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण में सभी वर्गों के लोगों को शामिल करने की योजना बनाने और उनकी व्यवस्था करने की सलाह दी थी। पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने वर्चुअल बैठक प्रदेश पदाधिकारियों और व्यवस्थाओं से जुड़े वरिष्ठ नेताओं को जरूरी निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि समारोह में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी की जानी चाहिए। समाज में प्रतिष्ठित, विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लिए प्रेरणा का कार्य करने वाले लोगो के बीच यह शपथ हो, जिसका प्रदेश साक्षी बनेगा। इसी को ध्यान में रखकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी की जा रही है। मनवीर सिंह चौहान ने यह भी बताया कि शपथ ग्रहण में मातृ शक्ति, बुद्धिजीवी और जन सरोकारों से जुड़े सभी वर्ग सम्मिलित होंगे। इस बार का शपथ ग्रहण समारोह दिव्य के साथ-साथ भव्य होने वाला है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सभी मिथकों को तोड़ते हुई, फिर से जीत हासिल की है। वह भी दो-तिहाई बहुमत के साथ। भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतीं हैं। कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है तो 2 सीट बसपा और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने चुनाव जीते हैं। उल्लेखनीय है कि होली (Holi) के पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी को पार्टी ने उत्तराखंड का पर्यवेक्षक बनाया था। नई सरकार गठन के लिए होली के बाद का समय तय किया गया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा चुनाव हारने के कारण मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups