पाटिल ने कहा कोल्हापुर विस चुनाव में भाजपा की होगी जीत
महानगर संवाददाता
मुंबई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल (Chandrakant Patil) ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस ने मंत्री नवाब मलिक से उनके विभाग और पालक मंत्री पद से वापस लेने फैसला लिया है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है, नवाब मलिक (Nawab Malik) को इस्तीफा देना ही होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोल्हापुर उत्तर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत होगी।
शुक्रवार को कोल्हापुर में मीडिया से बात करते हुए चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार ने मराठा समाज को फंसाया और संपूर्ण समाज के साथ अन्याय किया है। इस सरकार के खिलाफ जनता ने प्रचंड असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि कोल्हापुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा (BJP) की जीत होगी।
उन्होंने कहा कि मराठा समाज की मांगों के लिए छत्रपति संभाजी राजे को मुंबई में अनशन करना पड़ा। उस वक्त आघाड़ी सरकार ने उन्हें आश्वासन दिए। हमने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि आघाड़ी सरकार फंसाएगी, अब ऐसा होता दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मराठी समाज को फंसाने को लेकर वे सोमवार को विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश कर सरकार से सवालों के जवाब लेंगे। पाटिल ने कहा कि कोल्हापुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने सत्यजीत कदम और महेश जाधव के नाम की सिफारिश केंद्रीय संसदीय बोर्ड से की है। पार्टी किसको उम्मीदवार बनाएगी, इसका फैसला केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगा।
राकांपा प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) के बयान कि वे भाजपा को फिर से सत्ता में नहीं आने देंगे, पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो गरजते हैं वे बरसते नहीं है। लोकतंत्र में किसी को भी बोलने का अधिकार है। हम हमारा काम शांतिपूर्वक कर रहे हैं। कोल्हापुर उपचुनाव में यह दिखाई देगा। पवार ने अपने युवा विधायकों से कहा कि उन्हें भाजपा नेतृत्व से कुछ सीखना चाहिए। पाटिल ने कहा कि इसका अर्थ यह है कि हम में कुछ सीखने वाली बात है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Mar 18 , 2022, 09:44 AM