रायपुर। कर्नाटक के तैराक मणिकांता एल (Manikanta L) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अकेले दम पर अपनी टीम को पदक तालिका में शीर्ष पर बनाए रखा। उन्होंने गुरुवार को तीन और स्वर्ण पदक जीतकर अपने कुल स्वर्ण पदकों की संख्या पांच कर ली, जबकि ओडिशा की अंजलि मुंडा (Anjali Munda) ने तैराकी स्पर्धा में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की। मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए भी खुशी की बात रही, जहां स्थानीय तैराक अनुष्का भगत (Anushka Bhagat) ने महिलाओं की 200 मीटर में रजत पदक जीतकर अपने कुल पदकों की संख्या दो कर ली। इससे पहले उन्होंने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में भी रजत पदक जीता था। दूसरे दिन के अंत तक कर्नाटक आठ स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि ओडिशा पांच स्वर्ण, एक रजत और आठ कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। असम पांच पदकों (दो स्वर्ण) के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि छत्तीसगढ़ तीन पदकों (दो रजत और एक कांस्य) के साथ छठे स्थान पर है।
तैराकी में गुरुवार को कई शानदार प्रदर्शन देखने को मिले, लेकिन मणिकांता सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे। उन्होंने अब तक जिन भी स्पर्धाओं में हिस्सा लिया है, उनमें जीत हासिल की है। बुधवार को 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 50 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीतने के बाद, मणिकांता ने गुरुवार की शुरुआत 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले (2:25.93 सेकंड) में जीत के साथ की। इसके बाद उन्होंने 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में 1:07.94 सेकंड का समय निकाला और फिर 4x100 मीटर रिले में कर्नाटक की टीम के लिए एंकर लेग तैरकर अपना पांचवां स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया। बसवनगुड़ी एक्वाटिक सेंटर में कोच राजीव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने वाले मणिकांता ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि वर्षों की मेहनत यहां रंग ला रही है। अब तक पांच स्वर्ण पदक जीत चुका हूं, लेकिन मैं कुल नौ स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहा हूं और सभी में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य है।”
महिलाओं की तैराकी में ओडिशा ने तीनों स्वर्ण पदक जीते, जिनमें से दो अंजलि मुंडा के नाम रहे। उन्होंने पहले 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले 2:53.82 सेकंड में जीता, जिसमें छत्तीसगढ़ की अनुष्का भगत (2:59.33 सेकंड) ने रजत और ओडिशा की अंजलि मलिक (3:06.13 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता। इसके बाद अंजलि ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक में 1:19.98 सेकंड के समय के साथ एक और स्वर्ण पदक जीता। कर्नाटक की निधि एस (1:26.18 सेकंड) ने रजत पदक हासिल किया। हालांकि अंजलि 4x100 मीटर रिले में नहीं उतरीं, लेकिन ओडिशा की टीम (रितिका मिंज, कृष्णा नायक, रुपाली हेम्ब्रम और सुभास्मिता बैपाई) ने 5:06.12 सेकंड के समय के साथ गुजरात और कर्नाटक को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वेटलिफ्टिंग में ओडिशा की झिल्ली दलाबेहरा ने 53 किग्रा वर्ग में मणिपुर की किउचांगलियू गांगमेई के बराबर 160 किग्रा कुल वजन उठाया, लेकिन कम बॉडी वेट के आधार पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पहले, असम की मोनिखा सोनोवाल और मिजोरम के इसाक मालसावम्तलुआंगा ने चोट के बावजूद शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते। मोनिखा ने घुटने की चोट के बावजूद 48 किग्रा वर्ग में 57 किग्रा स्नैच और 75 किग्रा क्लीन एंड जर्क के साथ कुल 132 किग्रा उठाकर स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की दीपा रानी मलिक (120 किग्रा) ने रजत और अंडमान-निकोबार की अलास्का अलीना (115 किग्रा) ने कांस्य पदक हासिल किया।
19 साल की मोनिखा ने कहा, “मैं इस प्रतियोगिता को मिस नहीं करना चाहती थी क्योंकि मैं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना चाहती थी।”मिजोरम के इसाक मालसावम्तलुआंगा ने भी पीठ की चोट के बावजूद वापसी करते हुए क्लीन एंड जर्क में 130 किग्रा उठाकर कुल 235 किग्रा के साथ स्वर्ण पदक जीता। झारखंड के बाबूलाल हेम्ब्रम (230 किग्रा) ने रजत और ओडिशा के सुब्रत नाइक (228 किग्रा) ने कांस्य पदक हासिल किया। फुटबॉल मुकाबले के पुरुष में वर्ग के ग्रुप ए में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल 1-1 से ड्रा खेला। ग्रुप बी: अरुणाचल प्रदेश ने गोवा को 2-0 से हराया।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 26 , 2026, 08:43 PM