मुंबई। देश के अग्रणी निजी ऋणदाता एचडीएफसी बैंक (Lender HDFC Bank) के अंशकालिक चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती (Chairman Atanu Chakraborty) ने बैंक के संचालन में अनैतिकता के आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी श्री चक्रवर्ती ने 17 मार्च 2026 को तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफा (resign) दिया था। बैंक ने बुधवार देर रात शेयर बाजार को बताया कि उनका इस्तीफा 18 मार्च को दोपहर बाद तीन बजकर 17 मिनट पर प्राप्त हुआ।
बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक से स्वीकृति मिलने के बाद श्री केकी मिस्त्री को तीन महीने के लिए अंतरिम अंशकालिक निदेशक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति गुरुवार 19 मार्च से प्रभावी हो गयी है।
श्री चक्रवर्ती ने अपने त्यागपत्र में बैंक के संचालन के तौर-तरीकों पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने लिखा है, "पिछले दो वर्षों में मैंने बैंक के भीतर कुछ ऐसी घटनाएं और चलन देखे हैं जो मेरे व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं हैं। यही मेरे निर्णय का आधार है।" उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके इस्तीफे का "कोई अन्य महत्वपूर्ण कारण नहीं है"।
उनके कार्यकाल में बैंक के एचडीएफसी लिमिटेड के साथ विलय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा है कि इस रणनीतिक पहल ने एचडीएफसी बैंक को देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक बना दिया, हालांकि "इस विलय का लाभ अभी पूरी तरह साकार होना बाकी है"।
भारतीय प्रशासनिक सेवा से अप्रैल 2020 में सेवानिवृत्त होते समय श्री चक्रवर्ती वित्त मंत्रालय में आर्थिक मामलों के विभाग में सचिव के पद पर थे। वह मई 2021 में स्वतंत्र निदेशक के रूप में एचडीएफसी बैंक के निदेशक मंडल में शामिल हुए थे। तीन साल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें मई 2024 में दोबारा तीन साल के लिए नियुक्त किया गया था।
इस्तीफे की बात समाने आने के बाद बैंक का शेयर आज एक समय 8.42 प्रतिशत लुढ़ककर 772 रुपये पर आ गया था। फिलहाल यह 4.26 प्रतिशत की गिरावट में 807 रुपये पर है। बुधवार को बैंक का शेयर 842.95 रुपये पर बंद हुआ था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 19 , 2026, 02:43 PM