लंदन। एपस्टीन फाइलों के ताजा खुलासों के बाद ब्रिटेन के किंग चार्ल्स (King Charles) तृतीय पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आये हैं। उन्होंने अपने विवादित भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर (Prince Andrew Mountbatten of Windsor) से जुड़े आरोपों की किसी भी पुलिस जांच में बकिंघम पैलेस की ओर से पूर्ण सहयोग की प्रतिबद्धता जतायी है। एकआधिकारिक बयान में पैलेस के प्रवक्ता ने कहा कि किंग ने भाई के आचरण को लेकर सामने आ रहे विचलित करने वाले आरोपों पर गहरी चिंता 'शब्दों एवं अभूतपूर्व कार्रवाइयों' से स्पष्ट कर दी है। बयान में कहा गया है कि पैलेस जांच में अधिकारियों को 'पूर्ण समर्थन' देने को तैयार है। यह कदम पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग के जारी 30 लाख से अधिक पृष्ठों के दस्तावेजों के बाद उठाया गया है।
इन दस्तावेजों में ऐसे ईमेल शामिल हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि एंड्रयू ने 2010 में जेफ्री एपस्टीन के साथ गोपनीय व्यापारिक जानकारियां साझा की थीं। गौर करने वाली बात यह है कि यह लेन-देन दिवंगत वित्त प्रबंधक को बाल यौन अपराधों के लिए दोषी ठहराये जाने के दो साल बाद हुआ था। इसके अलावा फाइलों के ईमेल सुझाव देते हैं कि पूर्व प्रिंस एंड्रयू ने सिंगापुर, हांगकांग और वियतनाम के दौरों से संबंधित रिपोर्टों के साथ-साथ अफगानिस्तान में निवेश के संभावित अवसरों के बारे में संवेदनशील जानकारी भी साझा की थी। फाइलों के अनुसार, कुछ सामग्रियां एंड्रयू के तत्कालीन सलाहकार से प्राप्त होने के कुछ ही मिनटों बाद आगे भेज दी गयी थीं। इससे यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या आधिकारिक गोपनीयता नियमों का उल्लंघन किया गया था।
उस समय एंड्रयू एक सरकारी व्यापार प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत था। यह एक ऐसा पद था, जहां संवेदनशील वाणिज्यिक और राजनीतिक जानकारी की सुरक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य था। पूर्व प्रिंस ने लगातार किसी भी गलत काम से इनकार किया है और दस्तावेजों की नवीनतम खेप जारी होने के बाद से कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है। ब्रिटेन में, 'टेम्स वैली पुलिस' के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वे इस बात का आकलन कर रहे हैं कि क्या औपचारिक जांच शुरू करने का कोई ठोस आधार है। राजशाही विरोधी अभियान समूह 'रिपब्लिक' की दर्ज करायी गयी शिकायत की अधिकारी समीक्षा कर रहे हैं। इसमें सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार े आधिकारिक गोपनीयता कानूनों के संभावित उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। वरिष्ठ शाही सदस्यों ने भी खुद को इस विवाद से दूर रखने की कोशिश की है। प्रिंस विलियम और वेल्स की प्रिंसेज कैथरीन के प्रवक्ता ने कहा कि लगातार हो रहे खुलासों से यह दंपती 'गहरी चिंता' में है और उनका ध्यान 'पीड़ितों पर केंद्रित' है। यह टिप्पणी प्रिंस विलियम की सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा से ठीक पहले आयी है।
इन खुलासों से जनता में भी काफी गुस्सा देखा जा रहा है। सोमवार को उत्तरी इंग्लैंड के क्लिथरो में एक शाही कार्यक्रम के दौरान भीड़ में से एक व्यक्ति किंग चार्ल्स पर चिल्लाया, "आप एंड्रयू के बारे में कब से जानते हैं?" इसके बाद भीड़ के बाकी लोगों ने शोर मचाकर अपना विरोध जताया। एंड्रयू विंडसर ने 2019 में एपस्टीन के साथ अपने संबंधों से उपजे भारी विवाद और आलोचनाओं के बीच सार्वजनिक कर्तव्यों से दूरी बना ली थी। 2022 में उन्होंने वर्जीनिया ग्यूफ्रे से वित्तीय समझौता किया था। ग्यूफ्रे ने उन पर तब यौन शोषण करने का आरोप लगाया था, जब वह किशोर थीं। इन आरोपों से एंड्रयू ने बार-बार इनकार किया था। तब 2022 में ही एंड्रयू से उनकी सैन्य उपाधियां और 'हिज रॉयल हाईनेस' शैली का उपयोग करने का अधिकार छीन लिया गया था। ग्यूफ्रे ने पिछले साल आत्महत्या कर ली थी। अक्टूबर 2025 में एपस्टीन से जुड़े खुलासों की पिछली कड़ी जारी होने के बाद एंड्रयू से उनके शेष शाही खिताब भी छीन लिये गये थे। बाद में उन्हें विंडसर स्थित 'रॉयल लॉज' खाली कर एक निजी शाही संपत्ति में जाने के लिए कहा गया था।
एपस्टीन फाइलों के परिणामों का असर ब्रिटिश राजनीति पर भी पड़ा है। इससे प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर पर अपने उस फैसले को लेकर दबाव बढ़ गया है जिसमें उन्होंने विवादित पूर्व सांसद पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में राजदूत नियुक्त किया था। दस्तावेज संकेत देते हैं कि मैंडेलसन ने भी 2009 और 2010 में एपस्टीन के साथ संवेदनशील सरकारी सामग्री साझा की थी। इसके बाद पुलिस ने उन खुलासों से जुड़े 'सार्वजनिक पद पर कदाचार' के आरोपों की समीक्षा शुरू कर दी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 10 , 2026, 10:34 PM