मुंबई। मुंबई अपराध शाखा के एंटी एक्सटार्शन सेल (Anti-Extortion Cell) ने फिल्म निर्माता जुहू उपनगर में रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी कि पांचवें आरोपी को एक फरवरी को पुणे से पकड़ा गया। इसी के साथ अब पांच आरोपी हिरासत में हैं, जबकि मुख्य शूटर अब भी फरार है। जांचकर्ताओं ने कहा कि गिरफ्तार किये गये सभी पांच आरोपियों को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जायेगा।
मुंबई अपराध शाखा (Mumbai Crime Branch)ने फरार चल रहे मुख्य शूटर को पकड़ने के लिए कई टीम बनायी है। जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटर ने हमले के लिए आधुनिक देसी बंदूक का इस्तेमाल किया था। ऐसे संकेत भी मिले हैं, जिससे पता चलता है कि मुख्य शूटर के साथ गिरोह के कई और सदस्य भी मौके पर रहे हो सकते हैं।
पहले गिरफ्तार चार आरोपियों 23 वर्षीय स्वप्निल बंदू सकट, 19 वर्षीय सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, 19 वर्षीय समर्थ शिवशरण पोमाजी और 19 वर्षीय आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (Aditya Gyaneshwar Gaikwad) ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे बचपन के दोस्त हैं। जांच में यह भी पता चला कि पुणे के उन आरोपियों से भी उनकी जान-पहचान है, जिन्हें बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में पहले गिरफ्तार किया गया था। इसमें रूपेश मोहोल, शिवम कोहाड़, करण साल्वे, गौरव अपुने, आदित्य गुलंकर और प्रवीण लोंकर शामिल थे।
पुलिस से बातचीत में रोहित शेट्टी ने कहा कि उन्हें पहले मैसेज, कॉल, वॉइस नोट या ईमेल के रूप में कोई धमकी नहीं मिली थी। घटना के बाद हालांकि शुभम लोंकर के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से हमले की जिम्मेदारी ली गयी थी। पुलिस ने कहा कि यह पोस्ट वायरल होने के बाद डिलीट कर दी गयी। जांच करने वालों ने यह भी पाया कि दावा सामने आने के बाद पोस्ट से जुड़ा अकाउंट डिलीट कर दिया गया था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 05 , 2026, 08:54 PM