बाजवा के भाई और सिद्धू के करीबी विधायक भाजपा में शामिल
चंडीगढ़। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पंजाब कांग्रेस को झटका देते हुए उसके दो मौजूदा विधायक मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में फतेह जंग बाजवा और बलविंदर सिंह लड्डी हैं। जहां बाजवा कादियान से मौजूदा विधायक हैं तो वहीं लड्डी श्री हरगोबिंदपुर से विधायक हैं। दोनों मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। इन दोनों नेताओं के चुनाव से ठीक पहले पार्टी छोड़ने से एक बार फिर पंजाब कांग्रेस की कलह खुलकर सामने आ गई।
नवजोत सिंह सिद्धू ने किया था दोनों विधायकों की उम्मीदवारी का समर्थन
फतेह जंग पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा के भाई हैं। वहीं लड्डी भी बाजवा खेमे से ताल्लुक रखते हैं। दोनों भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए। दिलचस्प बात यह है कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने पिछले हफ्ते हुई राजनीतिक रैलियों में इन दोनों विधायकों की उम्मीदवारी का जोरदार समर्थन किया था।
पंजाब कांग्रेस में क्यों मची भगदड़?
बड़े भाई प्रताप सिंह बाजवा के कादियान से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने से फतेह जंग नाराज हो गए थे। प्रताप के साथ इस खींचतान के बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने फतेह जंग की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। अब माना जा रहा है कि इस निर्वाचन क्षेत्र में दो भाइयों के बीच चुनावी जंग देखी जा सकती है, क्योंकि प्रताप बाजवा कथित तौर पर वहां से चुनाव लड़ने के लिए उत्सुक हैं। बता दें कि फतेह जंग और लड्डी दोनों पहली बार विधायक बने हैं।
टिकट बंटवारे को लेकर चन्नी और सिद्धू में खींचतान?
ऐसी खबरें हैं कि टिकट बंटवारे को लेकर चन्नी और सिद्धू में बात नहीं बन रही है। पार्टी की आंतरिक कलह उस समय सामने आ गई जब पीपीसीसी प्रमुख नवजोत सिद्धू ने रविवार को बटाला रैली में पूर्व विधायक अश्विनी सेखरी को बटाला से कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित कर दिया जबकि पार्टी ने अभी तक उम्मीदवारों की सूची जारी ही नहीं की है। सिद्धू की घोषणा से मंत्री त्रिपत राजिंदर बाजवा नाराज हो सकते हैं जो बटाला सीट पर नजर गड़ाए हुए हैं।
इन लोगों ने भी थामा भाजपा का दामन
पूर्व क्रिकेटर दिनेश मोंगिया और तीन बार के शिरोमणि अकाली दल के बलुआना से विधायक गुरतेज सिंह गुढियाना भी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए। इसके अलावा संगरूर के पूर्व सांसद राजदेव खालसा, यूनाइटेड क्रिश्चियन फ्रंट पंजाब के अध्यक्ष कमल बख्शी, निहाल सिंह वाला नगर निगम सदस्य जगदीप सिंह धालीवाल और पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में सेवानिवृत्त एडीसी और अधिवक्ता मधुमीत भी भाजपा में शामिल हो गए।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Dec 28 , 2021, 07:11 AM