नयी दिल्ली। सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये भारतीय सिनेमा (Indian Cinema) के 'ही-मैन' के रूप में विख्यात धर्मेंद्र, मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार ममूटी, पार्श्वगायिका अलका याज्ञनिक, अभिनेता आर माधवन, सतीश शाह और प्रसेनजीत चटर्जी को पद्म पुरस्कार के लिये चुना गया है। भारत सरकार ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है।
भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल (Dharmendra Singh Deol) को कला के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से अलंकृत करने के लिए चुना गया है। धर्मेन्द्र का जन्म पंजाब के फगवारा में 08 दिसंबर 1935 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1960 में प्रदर्शित फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से अपने सिने करियर की शुरूआत की थी। धर्मेन्द्र ने अपने छह दशक लंबे सिने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया था। 'शोले', 'चुपके चुपके' और 'सत्यकाम' जैसी फिल्मों के माध्यम से उन्होंने न केवल अभिनय की विविधता पेश की, बल्कि भारतीय फिल्म उद्योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में भी बड़ी भूमिका निभाई। उनका 89 वर्ष की उम्र में पिछले साल 24 नवंबर को देहावसान हो गया था।
दक्षिण भारतीय फिल्मो के सुपरस्टार ममूटी को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। ममूटी ने वर्ष 1971 में फिल्म 'अनुभवंगल पालिचकल' से अपने करियर की शुरुआत की। ममूटी ने 50 साल से ज्यादा के करियर में 400 से अधिक फिल्में की हैं। उन्होंने मलयालम के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया है।उन्हें तीन राष्ट्रीय पुरस्कार, सात राज्य पुरस्कार, 14 फिल्मफेयर अवॉर्ड, पद्म श्री और दो मानद डॉक्टरेट डिग्री भी मिल चुकी हैं।
बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका अलका याज्ञनिक को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये पद्म भूषण पुरस्कार के लिये चुना गया है।अलका याज्ञनिक ने पार्श्वगायिका के रूप में अपने सिने करियर की शुरूआत 1979 में प्रदर्शित फिल्म ..पायल की झंकार ..से की।इस फिल्म में उन्हें एक गीत की कुछ पंक्तियां गाने का अवसर मिला। अलका याज्ञनिक अपने सिने करियर में अब तक दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार और सात बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी है।अलका याज्ञनिक ने हिन्दी के अलावा अवधी,गुजराती,उड़िया,राजस्थानी,नेपाली,बंगला,भोजपुरी,पंजाबी,मराठी,तेलुगु,तमिल,मणिपुरी,अंग्रेजीऔर मलयालम फिल्मों के गीतों के लिये भी अपना स्वर दिया है । जानेमाने फिल्म अभिनेता आर माधवन को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। आर माधवन ने वर्ष 2001 में फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उन्होंने 'रंग दे बसंती', '3 इडियट्स', 'तनु वेड्स मनु' और 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' ‘धुरंधर’ जैसी कई फिल्मों में काम किया है और लगभग हर फिल्म में उनके अभिनय की तारीफ हुई है। उन्होंने हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अपने अभिनय के जौहर दिखाये हैं।
भारतीय सिनेमा के दिग्गज हास्य कलाकार सतीश शाह को कला के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म श्री से अलंकृत करने के लिए चुना गया है।सतीश शाह ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 1970 में प्रदर्शित फिल्म भगवान परशुराम से की थी। वर्ष 1983 में प्रदर्शित फिल्म जाने भी दो यारों सतीश शाह के करियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुयी।इस फिल्म के बाद तो सतीश शाह की किस्मत चमक उठी और वह फिल्म इंडस्ट्री में बतौर हास्य कलाकार अपनी पहचान बनाने में सफल हो गये। इसके बाद सतीश शाह ने 200 से अधिक फिल्मों में अपने जबरदस्त हास्य अभिनय से दर्शकों को दीवाना बनाया।
सतीश शाह (Satish Shah) ने केवल फिल्मों में ही नहीं, छोटे पर्दे पर भी अपनी कॉमेडी से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वर्ष 1984 में दूरदर्शन पर प्रसारित ये जो है जिदंगी में के 55 एपिसोड्स में सतीश शाह नजर आये और इन सभी एपिसोड्स में उन्होंने 55 अलग-अलग किरदारों को निभाया था।सतीश शाह 25 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया। बंगाली सिनेमा के सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। बिस्वजीत चटर्जी के पुत्र, प्रसेनजीत ने वर्ष 1968 में 'छोटो जिज्ञासा' से बाल कलाकार के रूप में शुरुआत की और 1987 की 'अमर संगी' से सुपरस्टार बने। उन्होंने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और कई फिल्मफेयर पुरस्कार जीते हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jan 25 , 2026, 11:11 PM