लखनऊ/मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) रविवार को वृंदावन (Vrindavan) पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (Bjp) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabin) के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ (Narendra Modi's 'Mann Ki Baat') कार्यक्रम को सुना। वृंदावन स्थित अक्षयपात्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पहली बार उत्तर प्रदेश दौरे पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष का ब्रज की धरा पर स्वागत-अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नितिन नबीन युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक हैं और संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। सीएम योगी ने कहा कि योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन भूमि पर उनका प्रथम आगमन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज प्राचीन काल से तीर्थ भूमि रही है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव और बलदेव जैसे स्थल हजारों वर्षों से सनातन परंपरा के केंद्र रहे हैं। यहां के कण-कण में श्रीकृष्ण और राधा रानी की विरासत समाई हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि भी मथुरा में ही है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से ब्रज क्षेत्र आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का संबल बन रहा है। प्रदेश पांच वर्षों से अधिक समय से रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बना हुआ है। डबल इंजन सरकार के माध्यम से बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट धरातल पर उतर रहे हैं और हर नागरिक को सुरक्षा का अहसास हो रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याणकारी योजनाओं के जरिए बिना भेदभाव वंचित वर्ग, युवाओं, किसानों और महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का नौजवान अब पहचान के लिए मोहताज नहीं है। आज वह देश के किसी भी हिस्से में गर्व से कह सकता है कि वह उत्तर प्रदेश का नागरिक है। एक समय प्रदेश की छवि को लेकर नकारात्मक धारणा थी, लेकिन अब यूपी देश के विकास अभियान में सक्रिय भागीदार बन चुका है।
योगी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और इस गति को और तेज करने के लिए प्रदेश का हर कार्यकर्ता प्राणप्रण से जुटकर योगदान देगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, अशोक कटारिया, ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jan 25 , 2026, 03:57 PM