नयी दिल्ली: हॉकी इंडिया (Hockey India) ने शुक्रवार को सोजर्ड मारिन (Sjoerd Marijne) को भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian women's hockey team) का मुख्य कोच नियुक्त किया। यह डच कोच टोक्यो ओलंपिक खेलों (Tokyo Olympics) में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं, जहां टीम ने 36 से अधिक सालों में इस चार साल के स्पर्धा में केवल दूसरी बार हिस्सा लेते हुए चौथा स्थान हासिल किया था। मारिन को एनालिटिकल कोच के तौर पर मटियास विला का समर्थन करेंगे। विला अर्जेंटीना के पूर्व मिडफील्डर हैं, जिन्होंने 1997 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पर्दापण किया था और उन्होंने अर्जेंटीना के लिए सिडनी ओलंपिक 2000 और एथेंस ओलंपिक 2004 में हिस्सा लिया था।
वह पिछले दो दशकों से कोचिंग से जुड़े हुए हैं।भारतीय हॉकी में डॉ. वेन लोम्बार्ड भी साइंटिफिक एडवाइजर और एथलेटिक परफॉर्मेंस के प्रमुख के तौर पर वापसी कर रहे हैं। उन्हें रोडेट यिला और सियारा यिला, दोनों साइंटिफिक एडवाइजर के तौर पर सपोर्ट करेंगे। 2017 से 2021 के बीच ऐतिहासिक कार्यकाल के बाद भारत लौटने पर, जब भारतीय महिला टीम वर्ल्ड रैंकिंग में टॉप 10 में पहुंची थी। अपनी नियुक्त को लेकर मारिन ने कहा, "वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। 4.5 साल बाद, मैं नई ऊर्जा और एक स्पष्ट विजन के साथ टीम के विकास में मदद करने और खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर अपनी पूरी क्षमता हासिल करने में मदद करने के लिए वापस आया हूं।"
मुख्य कोच के तौर पर मारिन की पहली बड़ी चुनौती आठ मार्च से 14 मार्च 2026 तक हैदराबाद, तेलंगाना में होने वाले एफआईएच हॉकी महिला वर्ल्ड कप क्वालिफायर होंगे। मारिन 14 जनवरी को भारत आएंगे, जबकि राष्ट्रीय कोचिंग शिविर 19 जनवरी को साई के बेंगलुरु केन्द्र में शुरू होगा। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, "हम सजोर्ड मारिन और पूरे सपोर्ट स्टाफ का भारतीय हॉकी परिवार में स्वागत करते हैं। हम युवा मामले और खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने नियुक्ति की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया ताकि आगामी विश्व कप क्वालिफायर के लिए टीम की तैयारियों में कोई रुकावट न आए।
टीम की फिटनेस पर विशेष बल दिया गया है, जो टोक्यो में भारतीय महिला टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन का एक मुख्य कारण था। हम एक सफल कार्यकाल की उम्मीद करते हैं।" हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, "हम सजोर्ड मारिन और बाकी सपोर्ट स्टाफ को उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हैं। सजोर्ड को टीम की अच्छी समझ है, कोर ग्रुप के कई खिलाड़ी पहले ही उनके अंडर खेल चुके हैं। अब हम उम्मीद करते हैं कि यह टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी, खासकर आने वाले एशियन गेम्स और विश्व कप क्वालिफायर में।"



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 02 , 2026, 04:24 PM