लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी (Veerangana Uda Devi) ने विदेशी हुकूमतों के चूलों को हिलाने एवं अत्याचार का जवाब देने के लिए 16 नवंबर 1857 को लखनऊ के सिकंदरबाग में पीपल के पेड़ पर चढ़कर 36 अंग्रेज सैनिकों को ढेर किया था। उनका नाम इतिहास में अमर हो गया। वीरांगना ऊदा देवी का बलिदान प्रेरणा देता है कि अन्याय बड़ा हो तो प्रतिरोध उससे भी बड़ा होना चाहिए।
श्री योगी ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी ने अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए देश के क्रांतिकारियों एवं युवाओं को मार्गदर्शन भी दिया।
मुख्यमंत्री योगी एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने रविवार को लखनऊ के सेक्टर-19, वृंदावन कॉलोनी स्थित पासी चौराहा पर वीरांगना ऊदा देवी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की स्वाधीनता में वीरों एवं वीरांगनाओं का योगदान अविस्मरणीय है। इस मामले में लखनऊ की भूमि अनोखी है। उन्होंने कहा कि 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर का केंद्रबिंदु उत्तर प्रदेश ही था। शहीद मंगल पांडेय ने बैरकपुर में इसकी हुंकार भरी थी। धन सिंह कोतवाल ने उसे मेरठ में आगे बढ़ाया था। झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई अमर योद्धा के रूप में उसे नेतृत्व दे रही थीं। बिठूर में तात्या टोपे उस लहर को मजबूती प्रदान कर रहे थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बेगम हजरत महल का भी जिक्र किया और कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी जैसे अमर सेनानियों के साथ मिलकर विदेशी फिरंगियों को भगाने के लिए प्रथम स्वातंत्र्य समर की अमर योद्धा के रूप में वे स्मरण की जाती हैं। वीरांगना ऊदा देवी न केवल नारी शक्ति, बल्कि हर हिंदुस्तानी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विरासत का सम्मान कर रही है। काशी में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान राम का मंदिर निर्माण किया गया। सीएम योगी ने कहा कि महाराजा बिजली पासी किले के कार्यक्रमों में मैं गया था।
हमारी सरकार ने किले के सुंदरीकरण के साथ ही लाइट एंड साउंड का कार्य भी स्वीकृत किया है, जिससे वर्तमान पीढ़ी इस क्षेत्र के उन सभी योद्धाओं (महाराजा लाखन पासी, सातन पासी, चीता पासी, बिजली पासी, राजा गंगाबख्श रावत, वीरा पासी) के इतिहास को जान सके और उससे प्रेरणा प्राप्त कर सके। सरकार इनके पुराने किलों के पुनरोद्धार के साथ ही इसे नौजवानों व वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बिंदु बना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर क्रांतिकारी, बलिदानी, भारत मां के सपूत के योगदान को पाठ्यक्रम का हिस्सा भी बनाया है। बेसिक शिक्षा परिषद में बच्चों को एक अतिरिक्त पुस्तक उपलब्ध कराई गई है। इसमें स्थानीय, क्षेत्रीय व प्रदेश स्तर पर उन पाठ्यक्रमों को बढ़ाया गया है, जिससे वर्तमान पीढ़ी अलग-अलग कक्षाओं में महापुरुषों के बारे में जान सके।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आठ वर्ष में दो लाख 19 हजार पुलिस भर्ती की है। इसमें 20 फीसदी महिलाओं की भर्ती अनिवार्य की गयी। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में तीन नई महिला पीएसी बटालियन भी गठित की। लखनऊ पीएसी बटालियन का नाम वीरांगना ऊदा देवी के नाम पर रखा गया है। हमारी सरकार उनकी आदमकद प्रतिमा की स्थापना का कार्य कर रही है। गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी व बदायूं में गठित बटालियन का नाम वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर रखा है। इन वीरांगनाओं ने देश की आजादी की लड़ाई में नारी शक्ति के पराक्रम व शौर्य को दिखाते हुए फिरंगियों को धूल चटाया था।
श्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा कि डबल इंजन सरकार लखनऊ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक व सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चला रही है। यहां अनुसूचित जाति के छात्रों के शोध और उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति की भी व्यवस्था करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 62 जनपदों में 109 सर्वोदय विद्यालयों की स्थापना का कार्य पूर्ण/गतिमान है। आश्रम पद्धति विद्यालय के माध्यम से छात्र-छात्राओं के रहने समेत सारी व्यवस्था सरकार के स्तर पर प्रारंभ की गई है। यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी वर्ष भी है।
इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं योगी को धन्यवाद देना चाहूंगा कि जो काम वो लोग नहीं कर पाए, वो योगीजी कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि मुगलों के इतिहास को बढ़ा-चढ़ाकर नाम देने वालों ने पासी समुदाय का नाम नहीं दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि मैं तो कभी कल्पना नहीं कर सकता था कि कोई ऐसा मुख्यमंत्री आएगा, जो समाज के बारे में इतना सोचेगा, जो योगी जी ने करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि बहराइच में महाराजा सुहेलदेव जी का भव्य स्मारक बनाया गया है, ऐसा ही एक भव्य स्मारक महाराजा बिजली पासी जी का लखनऊ में भी बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो यह फैसला किया है, इसकी भी सराहना की जानी चाहिए।
राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी उत्तरप्रदेश सरकार ने और हमारे यहां के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पासी समाज के वीरों और वीरांगनाओं को पाठ्यक्रम में हिस्सा बनाए जाने का जो फैसला किया है। इस मौके पर कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद अशोक रावत, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक राजेश्वर सिंह, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, पवन सिंह चौहान, मुकेश शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Nov 16 , 2025, 07:50 PM