मुंबई: मुंबई मेट्रो प्रशासन ने मेट्रो लाइन-3 का उपयोग करने वाले दिव्यांग यात्रियों के लिए मासिक यात्रा पास पर 25 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है। यह छूट अगले 10 दिनों के भीतर लागू कर दी जाएगी। गौरतलब है कि यह छूट वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता दीपक कैतके द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के बाद शुरू की गई है, जिन्होंने लंबे समय से दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष किराया व्यवस्था की वकालत की थी।
कैतके ने बार-बार मेट्रो अधिकारियों और राज्य सरकार के अधिकारियों से दिव्यांग नागरिकों के लिए रियायती यात्रा सुविधाएं प्रदान करने का आग्रह किया था ताकि वे मेट्रो सेवाओं का अधिक किफायती उपयोग कर सकें। प्रशासन ने उनकी सिफारिशों पर अमल करते हुए अब 25 प्रतिशत छूट योजना को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है। हालांकि कैतके ने इस बात पर जोर दिया कि रियायती दरें दिव्यांगता के प्रकार और गंभीरता पर भी आधारित होनी चाहिए, ताकि एक निष्पक्ष और संतुलित किराया व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
कैतके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बताया है कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मेट्रो लाइन-3 प्रशासन को इस बाबत टैग किया है कि चूंकि मेट्रो लाइन-3 का बुनियादी ढ़ांचा अभी भी पूरी तरह से दिव्यांगजनों के अनुकूल नहीं है, इसलिए कई दिव्यांग यात्रियों को साथियों की सहायता की आवश्यकता होती है।
उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान 25 प्रतिशत की छूट अपर्याप्त है और ऐसे यात्रियों के किराए में कम से कम 50 प्रतिशत की छूट होनी चाहिए। वर्तमान में मेट्रो लाइन-3 पर बुनियादी ढ़ांचा अविकसित है और पर्याप्त लिफ्ट, रैंप और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में दिव्यांग यात्रियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। परिवहन विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों ने इस कदम का एक सकारात्मक कदम के रूप में स्वागत किया है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Nov 07 , 2025, 08:31 AM