वाराणसी में सियासी जंग: प्रधानमंत्री मोदी, अखिलेश व प्रियंका का रोड शो

Fri, Mar 04 , 2022, 01:30 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में प्रचार के लिए दो दिन शेष
वाराणसी, 04 मार्च (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections) के सातवें और आखिरी चरण में सियासी दलों के पास चुनाव प्रचार के लिए 48 घंटे से भी कम समय बचा है। ऐसे में भाजपा सहित सभी दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है। शुक्रवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi), समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) , कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) रोड शो और जनसभा कर अपनी पार्टी के लिए जीत का माहौल बनायेंगे।
भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) तीन विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री का रोड शो मलदहिया चौराहे से शुरू होगा। लहुराबीर से मैदागिन होते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक लगभग तीन किलोमीटर के इस मेगा रोड शो के लिए भाजपा ने पूरी तैयारी कर रखी है। रोड शो रूट पर अलग-अलग स्थानों पर 31 चौकियां लगाई गई हैं। इसमें होली की हुड़दंग, बुलडोजर बाबा समेत झांकियां सजाई जाएंगी। ऐसे ही शंखनाद, हस्तशिल्प, शहनाई जुगलबंदी, किसान व आवास योजना, राम दरबार, गंगा आरती, वैक्सीनेशन आदि पर भी झांकियां होंगी।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। प्रियंका गांधी कैंट, शहर उत्तरी और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगी। रोड शो मलदहिया से शुरू होकर लहुराबीर, मैदागिन तक जाएगा। वहीं राहुल गांधी सुबह 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह सीधे श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन करने जाएंगे। वहां से वह पिंडरा विस क्षेत्र के प्रत्याशी अजय राय के पक्ष में फूलपुर बाजार में दोपहर एक बजे सभा करेंगे। इसमें प्रियंका भी मौजूद रहेंगी।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार सायंकाल आठ बजे पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हेलीकॉप्टर सायं 4.45 बजे पुलिस लाइन मैदान में उतरेगा। इसके बाद अखिलेश यादव शहर के तीनों विधानसभा प्रत्याशियों पूजा यादव, अशफाक अहमद डब्लू, किशन दीक्षित के साथ रथ पर सवार होकर रोड शो में शामिल होंगे। सपा अध्यक्ष रात 8 से 10 बजे तक भारत माता मंदिर से रथ पर सवार होकर जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए रथयात्रा, गुरुबाग, लक्सा होते हुए गिरिजाघर चौराहा पहुंचेंगे। यहां रोड शो समाप्त कर अखिलेश यादव बाबा काशी विश्वनाथ का दर्शन करने जाएंगे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups