- सिसवा के निचलौल व पनियरा के परतावल में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने की चुनावी जनसभाएं
- बोले, इस बार जनता की शक्ति के आगे सीज हो जाएगा बुलडोजर
महराजगंज, 28 फरवरी (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र (National General Secretary Satish Chandra Mishra) ने सोमवार को कहा कि नौजवानों को रोजगार देने वालों ने सरकारी संस्थाओं को ही बेच डाला है। अब नौजवानों को रोजगार कैसे देंगे? सिसवा विधानसभा के निचलौल व पनियरा के परतावल में उन्होंने चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।
भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जब बनी थी तो दो करोड़ नौजवानों को नौकरी देने का वादा किया गया था। लेकिन उसके बाद संस्थाओं को एक-एक करके बेचना शुरू कर दिया गया। अब सिंचाई विभाग, नलकूप, विकास विभाग व बिजली विभाग सभी जगहों पर ठेके पर काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में जो पांच चरण में वोट पड़े हैं, उसमें बसपा की ही अधिक सीटें निकल रही हैं। कहा कि जिस बुलडोजर को दिखाकर जनता के अंदर भय पैदा किया जा रहा है, जनता की शक्ति के आगे उसका इंजन सीज हो जायेगा। आने वाले 10 मार्च को जब बसपा की सरकार बनेगी तो योगी जी वापस मठ को जाना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा व सपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पहले इन दोनों दलों में अंदर-अंदर समझौता था जो कि अब खुलकर सामने आ रहा है। सपा पर हमलावर होकर उन्होंने उन्होंने कहा कि यूपी में जब सपा की सरकार आती है तो गुण्डागर्दी, रेप, दंगा-फसाद होना सामान्य सी बात हो जाती है। इसके पहले पूर्व मंत्री नकुल दूबे, प्रत्याशी धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कपिल मिश्रा, विजय शंकर तिवारी, कामिनी जायसवाल, मदन राम, अमर चंद दूबे, शिवम चौबे, लालजी पाण्डेय, सद्दाम खान, बेचू भाई पटेल आदि ने संबोधन किया।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने परतावल में कहा कि भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं सपा के कार्यकाल में दंगा कराए जाने का संगीन आरोप मढ़ा। कहा कि यह भाजपा केवल वोट लेती है और जनता को चोट पहुंचाती है। आज यहां के लोग रोजगार के लिए शहर शहर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा मुखिया मायावती ने बिजली पहुंचाने के लिए कई केंद्र खोले। 23 नए जिले बनाये थे। किसी सरकार ने एक भी जिले नहीं बनाये हैं। गोरखपुर शहर में जाए तो बरसात के दिनों में घरों में पानी लग जाता है। जब गोरखपुर नहीं सुधार सकते तो पूरे प्रदेश को क्या सुधारेंगे?
जनसभा को कपिल मिश्रा, पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने भी सबोधित किया। इस दौरान प्रत्याशी ओमप्रकाश चौरसिया, मदन राम, घनश्याम दास, सुधीर पांडेय, श्याम सुंदर चौरसिया आदि मौजूद रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 28 , 2022, 09:33 AM