जालौन, 18 फरवरी (हि.स.)। जिले के माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित जनसभा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (SP National President Akhilesh Yadav) ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने किसानों को तमाम सब्जबाग दिखाते हुए उनसे भाजपा को हराने की अपील की। कानून व्यवस्था पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में सुशासन का दावा किया जाता है जबकि यहां का हाल इसके ठीक विपरीत है। उन्होंने तीसरे चरण के मतदान को खास बताते हुए पिछले दो चरणों में सपा की सीटों की संख्या 100 के पार बता डाली।
अखिलेश (Akhilesh) किसानों को दो डीएपी और चार यूरिया खाद की बोरी फ्री (urea fertilizer sack free) देने का ऐलान किया साथ ही सिंचाई व्यवस्था को भी निःशुल्क करने को कहा। उन्होंने कहा किसानों को खाद नहीं मिला है। इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है। उन्होंने कहा कि बीएड, यूपीटेट, शिक्षामित्र, बीपीएड और जिनकी नौकरियां रुकी पड़ी थीं, जिनकी परीक्षाएं रद्द हुईं, क्वेश्चन पेपर लीक हुए, उन सबको समय पर कराकर सपा नौजवानों को नौकरियां देगी। इसलिए किसान भाइयों मिट्टी की कसम खाइए कि उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया कर देंगे। उन्होंने कहा कि अगर हमें बुंदेलखंड के लिए अलग से दलहन तिलहन के कारखाने को लगाने की जरूरत पड़ी तो हम वो लगाएंगे। यह क्षेत्र पूरे प्रदेश के लोगों के लिए दलहन और तेल की समस्या का समाधान कर सकता है।
उन्होंने कहा कि मैं यह कहना चाहता हूं कि बुंदेलखंड में बहुत संभावनाएं हैं। मैंने बुंदेलखंड के लगभग हर जनपद में कहा सरसों की कीमत अगर अच्छी देनी पड़ी तो देंगे और एमएसपी देनी पड़ी तो देंगे और साथ ही साथ तेल के कारखाने को लगाने के लिए 100-200 या 300 करोड़ की मदद की जरूरत पड़ी तो देंगे। यहां का सरसों का तेल उत्तर प्रदेश ही नहीं देश के बाजारों में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है, इसलिए आपसे निवेदन करने आया हूं। विकास के लिए आपके क्षेत्र के लिए विशेष योजनाएं चलानी पड़ीं तो हम चलाएंगे। एंबुलेंस बढ़ाएंगे। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को लैपटॉप देंगे। 100 नंबर वाली गाड़ी दोगुनी करने का भी काम करेंगे। अखिलेश ने कहा कि पार्टी की सरकार बन रही है। पहले और दूसरे चरण के मतदान में सपा सीटों में शतक लगा चुकी है। चौथे चरण के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखना है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 18 , 2022, 02:38 AM