रोहनिया विधानसभा से प्रमुख दलों ने पटेल जाति के उम्मीदवार पर दांव लगाया

Fri, Feb 18 , 2022, 02:14 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

वाराणसी, 18 फरवरी (हि.स.)। जिले के रोहनिया विधानसभा (Rohaniya Assembly) क्षेत्र में पटेल जाति (कुर्मी) की बहुलता देख ज्यादातर दलों ने इसी जाति के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। भाजपा ने अपने सिटिंग विधायक सुरेन्द्र सिंह औढ़े (Surendra Singh Aude) का टिकट काट गठबंधन सहयोगी अपना दल (एस) को दिया है। इस सीट पर अपना दल (एस) ने सुनील पटेल पर दांव लगाया है। कांग्रेस ने पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, सपा एवं अपना दल (कमेरावादी) ने अभय पटेल, आम आदमी पार्टी ने पल्लवी वर्मा, बसपा ने अरुण पटेल को सियासी रण में उतारा है। इस सीट पर कमोवश सभी दलों ने पटेल जाति के उम्मीदवार पर ही भरोसा जताया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अब पटेल वोटों का बिखराव होने से भूमिहार, राजपूत, ब्राम्हण, यादव, मौर्य, वैश्य मतदाता जिस पार्टी की ओर रुख करेंगे उसी का उम्मीदवार विजयी होगा। रोहनिया विधायक सुरेन्द्र सिंह का टिकट कटने पर उनके समर्थक भले ही मौन हैं, लेकिन उनकी चुप्पी भी चुनाव में अहम है। उनका रुख बहुत कुछ तय करेगा।
इस सीट पर लगभग साढ़े चार लाख मतदाता हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में मोदी लहर के बीच पटेल-भूमिहार बहुल रोहनिया क्षेत्र से भाजपा के सुरेन्द्र नारायण सिंह 1,19,885 मत (करीब 51.28 फीसदी) पाकर जीते थे। दूसरे स्थान पर सपा के महेन्द्र सिंह पटेल रहे। महेन्द्र पटेल को 62,332 मत मिले थे। तीसरे स्थान पर बसपा के प्रमोद सिंह को 30,531, अपना दल की कृष्णा पटेल को 9,549 मत (करीब 4.08 फीसदी) मिले थे। परिसीमन के बाद यह सीट वर्ष 2012 में अस्तित्व में आई थी। पहली बार 2012 में यहां से अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल जीती थीं। तब अनुप्रिया को 57,812 मत (30.22 फीसद) मिले थे। दूसरे स्थान पर बसपा के रमाकांत सिंह रहे। उन्हें 40229 मत (21.03 फीसद) मिले थे। वर्ष 2014 के उप चुनाव में सपा के महेंद्र सिंह पटेल ने जीत हासिल की थी। महेन्द्र सिंह को 76,121 मत (40.83 फीसद) मिले थे। दूसरे स्थान पर अपना दल की कृष्णा पटेल रहीं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups