राउत के आरोप पर राणे का प्रहार
महानगर संवाददाता
मुंबई। मंगलवार को शिवसेना (Shivsena) सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) द्वारा भाजपा नेताओं पर लगाए गए गंभीर आरोप के बाद राजनीतिक वातावरण गर्म हो गया है। राउत के खिलाफ भाजपा नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। राउत के आरोप के बाद बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे (Union Minister Narayan Rane) ने पत्रकार वार्ता में कहा कि संजय राउत की कुंडली मेरे पास है। राणे ने जमकर प्रहार करते हुए तीनों पार्टियों की सरकार बनने के पहले शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और संजय राउत द्वारा राकांपा प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस के नेताओं पर की गई टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग पवार और कांग्रेस को हर मुद्दे पर निशाना बनाते थे वे आज मुख्यमंत्री पद और पैसे के लिए उन्हीं से हाथ मिला लिए हैं।
राणे ने कहा कि संजय राउत की निगाह उद्धव ठाकरे की मुख्यमंत्री की कुर्सी पर है। जिसके लिए उन्होंने राकांपा से सुपारी ली है। राउत द्वारा भाजपा नेताओं पर लगाए गए आरोप को निराधार बताते हुए राणे ने कहा कि राउत बौखला गए है इसलिए वे ऐसा आरोप लगा रहे हैं, क्योंकि जमीन खरीद मामले में फंसे प्रवीण राउत से ईडी की पूछताछ के बाद यह साफ हो गया कि संजय राउत और प्रवीण राउत के क्या संबंध थे।
संजय राउत को सबूत देना चाहिए
राणे ने कहा कि संजय राउत को सबूत देना चाहिए कि 50 एकड़ जमीन 50 लाख में ली गई थी, वह पैसा कहां से मिला, सुजीत पाटकर कौन है, आपकी बेटियां निदेशक कैसे हो सकती हैं, पहले खुद जवाब दें। राणे ने कहा कि राउत की कुंडली मेरे पास है। उनके खिलाफ जो आरोप लगे हैं उसकी पूरी जानकारी मेरे पास है। मुझे सब कुछ पता है, जो लेन-देन हुआ है।
मुख्यमंत्री को डुबाएंगे राउत- चंद्रकांत पाटिल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि विपक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस को मोहित भारतीय नहीं, बल्कि संजय राउत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को डुबाने का काम करेंगे। साथ खुद भी डूबेंगे। पाटिल ने पत्रकारों से कहा कि राउत को मोहित भारतीय (कंबोज) की चिंता नहीं करनी चाहिए। उद्धव ठाकरे को लगता नहीं है कि राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के पेरोल पर उनका एजेंडा चलाने का काम राउत कर रहे हैं। ढाई साल पहले संजय राउत ने उद्धव ठाकरे को भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने के लिए राजी किया था। एक साल पहले उद्धव ठाकरे के 19 बंगलों का मुद्दा उठाया गया था। उस समय राउत ने कोई बात नहीं की। लेकिन जब उन पर और उनके बेटे-बेटियों पर आरोप लगे तो राउत आग बबूला हो गए है.



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Feb 16 , 2022, 10:10 AM