कासगंज, 15 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) में मंगलवार को भगवान वराह की मोक्ष स्थली एवं महाकवि संत तुलसीदास की जन्म भूमि शूकर क्षेत्र सोरों में पहुंचे। उन्होंने चुनावी जनसभा में कहा कि प्रदेश में भयमुक्त एवं गुंडा मुक्त सरकार भाजपा ही दे सकती है। इसके लिए कमल का बटन दबाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करें।
सोरों के मेला ग्राउंड के जनसभा मंच से मुख्यमंत्री योगी ने कहा, इस पवित्र धरती काे मेरा नमन है। यह धरती भगवान वराह एवं तुलसी के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की कर्म स्थली है। इसलिए इस क्षेत्र का मान सम्मान हमेशा बरकरार रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सुशासन दिया है। भयमुक्त एवं गुंडा मुक्त शासन पार्टी की प्राथमिकता रही है और इसी आधार पर फिर से सरकार का संचालन होगा।
Yogi Adityanath ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण, मथुरा में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही सोरो को भी तीर्थ का दर्जा देकर जिला सहित आसपास के क्षेत्र को विकसित करने का संकल्प दोहराया। कहा कि, तीर्थ स्थल बनने से बेरोजगार नवयुवकों को रोजगार के तमाम साधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि कासगंज में 51,800 किसानों की ऋण माफी हुई है। 2,10000 किसानों को सम्मान निधि मिली है। 8,400 दिव्यांग, 21,200 महिलाओं एवं 12,600 वृद्ध लोगों को 12,000 वार्षिक पेंशन का लाभ प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कोरोना काल में कासगंज जिले के 10 लाख लोगों को डबल डोज राशन उपलब्ध हुआ है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से भी जिले के हजारों लोगों को लाभान्वित किया गया। भारतीय जनता पार्टी संवेदनाओं के आधार पर कार्य करती है। उसकी संवेदना प्रदेश के किसान, व्यापारी, गांव, गरीब, महिलाओं, बेटियों के प्रति है। जबकि प्रदेश में 2012 में रही सपा सरकार की संवेदनाएं गुंडा, अपराधियों, आतंकवादियों के प्रति रही है। यही जनता को फर्क करना है और डबल इंजन की सरकार को प्रदेश में फिर से लाना है।
उन्होंने सरकार की अन्य उपलब्धियां भी गिनाई एवं कोरोना कॉल में देश व प्रदेश की सरकार द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों का भी बखान किया। अंत में उन्होंने उपस्थित जनमानस से हाथ उठाकर भाजपा के पक्ष में मतदान कराने की अपील की। क्षेत्रीय सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, ब्रज प्रांत अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिला अध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, प्रवासी जिला प्रभारी दामोदर अग्रवाल, महेंद्र बघेल, संजय दुबे पालिकाध्यक्ष मुन्नी देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह, अमापुर प्रत्याशी हरिओम वर्मा सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहें।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 15 , 2022, 03:10 AM