कोलकाता, 12 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस में पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के समर्थन को लेकर अब संसदीय दल भी दो फाड़ हो गया है। खबर है कि 75 वर्षीय सांसद सौगत रॉय अभिषेक बनर्जी के समर्थन में हैं। जबकि बाकी सांसद ममता का पक्ष ले रहे हैं। गुरुवार को ही सांसद सौगत रॉय ने प्रशांत किशोर और उनकी संस्था आईपैक की भूरी-भूरी सराहना की थी। उन्होंने अभिषेक बनर्जी को कुशल नेता बताया था और पार्टी में एक व्यक्ति एक पद की उनकी नीति का समर्थन भी किया था। इतना ही नहीं सौगत रॉय ने यह भी कहा था कि पार्टी में 60 साल के बाद पद छोड़ने की नीति का समर्थन किया जाना चाहिए।
इसके बाद अब तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता सुदीप बनर्जी ने ममता बनर्जी की अनुमति लेकर सौगत रॉय को फटकार लगाई है। सुदीप बनर्जी ने कहा कि न केवल तृणमूल कांग्रेस बल्कि पूरे राज्य में ममता बनर्जी का कहीं कोई दूसरा विकल्प नहीं है और कोई ममता की जगह नहीं ले सकता।
सुदीप के करीबी सूत्रों ने बताया है कि उन्होंने सांसद सौगत राय को फोन कर इस बात की चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की बयानबाजी नहीं होनी चाहिए जिससे ऐसा संदेश जाए कि ममता के मुकाबले कोई और पार्टी में अधिक महत्वपूर्ण है। क्योंकि इस तरह की चेतावनी उन्होंने ममता बनर्जी की अनुमति से दी है इसीलिए स्पष्ट हो चला है कि अभिषेक बनर्जी और ममता के बीच परस्पर संवाद बंद है और दोनों तीसरे शख्स के जरिए एक-दूसरे को संदेश दे रहे हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Feb 12 , 2022, 03:06 AM