मुंबई। बुधवार 22 दिसंबर से महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र शुरु होने जा रहा है। सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है। सत्र के दौरान विपक्ष ओबीसी आरक्षण, भर्ती परीक्षा घोटाला, एसटी कर्मचारियों की हड़ताल जैसे कई मुद्दों को लेकर सरकार की घेराबंदी करेगा। सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होने की संभावना है। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा शक्ति फौजदारी कानून भी पारित हो सकता है। इसके अलावा लंबित और नए को मिलाकर 26 बिल पेश किए जाएंगे। साथ ही कृषि संबंधी तीन विधेयक वापस लिए जाएंगे।
सत्र के पहले दिन बुधवार को अध्यादेश सदन के पटल पर रखे जाएंगे और वर्ष 2021-22 की पूरक मांग पेश की जाएगी। इसके अलावा सरकारी कामकाज के अलावा शोक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होने की संभावना है। नाना पटोले के इस्तीफा देने के बाद से विधानसभा अध्यक्ष पद रिक्त पड़ा है। यहां तक कि बजट और वर्षाकालीन अधिवेशन बिना अध्यक्ष के हो चुके हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने पिछले दिनों कहा था कि शीतकालीन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। अध्यक्ष का चुनाव ध्वनिमत से होने की संभावना है। विपक्ष ने सरकार को गुप्त मतदान से विधानसभा अध्यक्ष चुनाव कराने की चुनौती दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि यदि विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव गुप्त मतदान (सीक्रेट बैलेट) से कराया जाए तो इस चुनाव में भी भाजपा का उम्मीदवार चुनाव जीतेगा।
अगला अधिवेशन नागपुर में
उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के स्वास्थ्य को देखते हुए शीतकालीन अधिवेशन नागपुर के बजाय मुंबई में लेने का निर्णय लिया गया और विपक्ष ने भी इसे मंजूर किया। उन्होंने कहा कि अगला अधिवेशन नागपुर में आयोजित कराने को लेकर सरकार सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी की जा रही है कि अधिवेशन की अवधि कम है। हमने यह देखा है कि कई राज्यों में एक से तीन दिन का अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर और कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का खतरे को देखते हुए सरकार की कोशिश है कि भीड़ कम से कम एकत्रित होनी चाहिए। 24 दिसंबर को विधानमंडल कामकाज सलाहकार समिति की बैठक होगी, इसमें चर्चा कर आगे का कामकाज तय किया जाएगा।
लगातार चाय पार्टी का बहिष्कार ठीक नहीं
उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि विपक्ष की तरफ से चाय पार्टी का लगातार बहिष्कार देखने को नहीं मिला है। कभी-कभी बहिष्कार किया जाता है। चाय पार्टी के निमित्त चर्चा का खासा महत्व होता है। विपक्ष हर अधिवेशन में किसी भी मुद्दे पर चाय पार्टी का बहिष्कार कर रहा है। हालांकि मंगलवार को आयोजित चाय पार्टी में कुछ सम्मानित सदस्य आए, जिनसे मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Dec 21 , 2021, 08:26 AM