-केन्द्रीय मंत्री ने भाजपा के मीडिया सेंटर काशी का किया उद्घाटन
दावा- हम पिछली बार से भी ज्यादा सीटें जीतेंगे
वाराणसी, 10 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कैंटोमेंट क्षेत्र में बने अस्थाई मीडिया सेंटर काशी का उद्घाटन गुरुवार शाम केंद्रीय सूचना प्रसारण, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया। इस मौके पर मीडिया से रूबरू केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश के पहले चरण में हुए मतदान ने भाजपा की जीत तय कर दी है। 10 मार्च को क्या रिजल्ट आने वाला है, यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश ने संकेत दे दिया है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के चुनाव में हम पिछली बार से भी ज्यादा सीटें जीतेंगे।
विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सपा सरकार में आजम खां की भैंस को ढूंढने पुलिस जाती थी। लेकिन किसी बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले को पूछते ही नहीं थे। इस बार भी समाजवादी पार्टी ने नाहिद हसन और आजम खान जैसे अपराधियों को टिकट दिया है। अपने सहयोगी दलों से भी ऐसे लोगों को टिकट दिलाया है।
मऊ का उदाहरण देकर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सपा के सहयोगी दल सुभासपा के प्रत्याशी मुख्तार अंसारी है। जनता मऊ से लेकर मुजफ्फरपुर तक के दंगे अभी भूली नहीं है। केन्द्रीय मंत्री ने चुनाव में जारी पार्टी के लोक कल्याण संकल्प पत्र की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने बीते पांच सालों में देख लिया है कि डबल इंजन की सरकार किस तरह से जाति और धर्म से परे होकर सिर्फ विकास के काम करती है। गुंडा राज खत्म हो गया है। पिछले पांच साल में अपराधी या तो जेल में थे या उत्तर प्रदेश से बाहर थे। प्रदेश की जनता अब किसी के बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखेगी। किसानों को भी सम्मान कार्ड दिया जाएगा। इसमें एक एक लाख रुपये क्रेडिट रहेगा।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि काशी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दो बार सम्मान दिया है। श्री काशी विश्वनाथ धाम के भव्य स्वरूप बनने के बाद यहां रोजगार के अवसर खुले हैं। सपा और अन्य दलों के गठबंधन के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 2017 और 2019 के चुनाव में भी महागठबंधन रहा। आज भले ही प्रत्यक्ष रूप से एक-दूसरे के साथ न हों, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से सभी साथ हैं। जहां अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं वहां कांग्रेस अपना प्रत्याशी नहीं उतार रही है। जहां मुख्तार अंसारी चुनाव लड़ेंगे, वहां सपा प्रत्याशी नहीं देगी। उन्होंने कहा कि जनता की मदद से इनका पहले भी सफाया भी किया गया है और आगे भी किया जाएगा। कर्नाटक में स्कूली छात्राओं के हिजाब प्रकरण को लेकर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग जानबूझकर ऐसी हरकतें करते हैं। वार्ता में काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, संजय मयूख, पार्टी प्रवक्ता केके शर्मा, अशोक पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, नवरत्न राठी भी मौजूद रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 10 , 2022, 09:05 AM