..अन्यथा भाजपा नेताओं के घर पर आंदोलन, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की चेतावनी

Wed, Feb 09 , 2022, 08:06 AM

Source :

महानगर संवाददाता, मुंबई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को संसद में दिए गए अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा राज्य के भाजपा सांसदों, विधायकों और केंद्रीय मंत्रियों के घर के सामने आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का उत्तर देते हुए पीएम मोदी ने संसद में महाराष्ट्र कांग्रेस पर देश भर में कोरोना फैलाने का आरोप लगाया था। पीएम के बयान के विरोध में बुधवार को मंत्रालय के सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने आंदोलन किया गया। इस दौरान नाना पटोले ने भाजपा पर हमला बोला।  
पटोले ने कहा कि कोरोना काल में केंद्र सरकार ने जनता को अधर में छोड़ दिया था। इस संकटकाल में कांग्रेस ने सामाजिक प्रतिबद्धता के नाते लोगों की मदद की, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की। हालांकि संसद में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उत्तर भारतीयों को कोरोना स्प्रेडर बताकर उनका अपमान किया और मदद करने वाले महाराष्ट्र का अपमान किया। केवल वोट के लिए छत्रपति शिवराय का नाम का उपयोग करने वाली भाजपा ने महाराष्ट्र का अपमान किया। पीएम के भाषण के दौरान राज्य के भाजपा सांसद संसद में तालियां बजा रहे थे। महाराष्ट्र और उत्तर भारतीय जनता यह अपमान सहन नहीं करेगी। पटोले ने कहा कि लोग उत्तर प्रदेश और मुंबई महानगरपालिका चुनाव में भाजपा को सबक सिखाकर इस अपमान का बदला लेंगे। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि जब तक माफी नहीं मांगी जाएगी, भाजपा के विरोध में आंदोलन शुरु रहेगा। इस दौरान राहत और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार, कार्याध्यक्ष चंद्रकांत हंडोरे ने भाजपा पर हमला बोला। इन नेताओं ने कहा कि पीएम मोदी ने कोरोना फैलाने के लिए उत्तर भारतीयों को जिम्मेदार बता कर उनका मजाक उड़ाया है। यह उत्तर प्रदेश की जनता का अपमान है। मुंबई के अलावा नागपुर सहित अन्य जगहों पर कांग्रेस ने आंदोलन किया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय पर पुलिस का पहरा  
कांग्रेस की भाजपा कार्यालयों पर आंदोलन की चेतावनी के बाद भाजपा कार्यालयों पर बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया था। दक्षिण मुंबई स्थित प्रदेश भाजपा के बाहर भी बड़ी तादाद में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups