पटना 09 फरवरी (वार्ता) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की जीत का आज दावा किया। राजद अध्यक्ष ने बुधवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में इस बार सपा के अखिलेश यादव और उनकी पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है। इस बार वह (अखिलेश यादव) सरकार बनाने में कामयाब होंगे।
श्री यादव ने कहा कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की करारी हार होगी और सफाया हो जाएगा। जाट बहुल इलाका है उत्तर प्रदेश। जाटों पर जो इन्होंने (भाजपा) ज्यादती की है उस बात को ये लोग भूलें नहीं है। इन लोगों को आतंकवादी कहा गया है। इस बात के साफ संकेत हैं कि इस बार भाजपा चुनाव में साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वह जाट बिरादरी के मतदाताओं से खास अपील करते हैं कि भाजपा को हराओ। तबीयत ठीक नहीं रहने के कारण वह चुनाव प्रचार करने नहीं जायेंगे।राजद अध्यक्ष ने कर्नाटक में हिजाब विवाद को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश सिविल वार की तरफ बढ़ रहा है और इसकी जिम्मेदार भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार की है। देश में 70 वर्ष के बाद फिर ये नया अंग्रेज भाजपा के रूप में आ गया है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा के नेता देश में बढ़ती महंगाई पर बात नहीं करते, गरीबी इतनी बढ़ गई है, इस पर कोई बात नहीं करता। प्रधानमंत्री भी अपने भाषण में सिर्फ मंदिर मस्जिद करते हैं और वह केवल दंगों, धर्म और मंदिर के बारे में बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के दुष्प्रचार से अब थक चुकी है।
श्री यादव की पार्टी राजद के साथ बिहार में कांग्रेस से चल रहे खराब रिश्ते को लेकर जब पूछा गया कि क्या वह दूसरे राज्यों में कांग्रेस के साथ हैं, तब उन्होंने कहा कि वह हमेशा उनके साथ हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Feb 09 , 2022, 07:13 AM