नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जारी भीषण गर्मी और जबरदस्त चुनावी सरगर्मी के बीच अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाओं को आज संबोधित करेंगे। मोदी उत्तर पूर्वी दिल्ली में चुनावी सभा कर पार्टी उम्मीदवार मनोज तिवारी के लिए वोट मांगेंगे जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र (Chandni Chowk parliamentary constituency) में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे। गांधी की इस चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी में यह पहली चुनावी रैली होगी।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया की श्री गांधी चांदनी चौक की रामलीला मैदान में शाम को विशाल चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भी रैली को संबोधित करेंगे। इस बीच भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में होने वाली श्री मोदी की चुनावी सभा स्थल का दौरा किया और पार्टी के उम्मीदवार मनोज तिवारी तथा अन्य नेताओं से इस मुद्दे पर विचार विमर्श किया।
सचदेवा ने कहा, "प्रधानमंत्री श्री मोदी की यह रैली ऐतिहासिक होगी और उनकी इस चुनावी सभा से भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता का उत्साह कई गुना बढ़ेगा। इस रैली में प्रधानमंत्री हमारा मार्गदर्शन करने आ रहे हैं और यह हमारे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि वैश्विक नेता नरेंद्र मोदी हमारा मार्गदर्शन करने आ रहे हैं। पूर्वोत्तर दिल्ली के लोग अपने लोकप्रिय प्रधानमंत्री को देखने के लिए बहुत उत्साहित हैं और हर कोई उन्हें देखना और सुनना चाहता है।" दिल्ली कांग्रेस के नेता अनिल भारद्वाज ने कहा "राहुल गांधी शनिवार शाम 6 बजे रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे।"
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री की डीडीए मैदान में होने वाली चुनावी सभा के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। एसपीजी, दिल्ली पुलिस की सुरक्षा शाखा और स्थानीय पुलिस का चार स्तरीय सुरक्षा घेरा मौजूद रहेगा। उन्होंने कहा कि पीएम की रैली के लिए 2,000 से अधिक सुरक्षा और यातायात कर्मियों को तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि श्री मोदी हरियाणा के सोनीपत में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद सीधे यहां कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, May 18 , 2024, 12:53 PM