Vote : मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर चुनाव संपन्न, लगभग 67 प्रतिशत मतदान

Wed, May 15 , 2024, 06:04 AM

Source : Uni India

भोपाल, 15 मई (वार्ता)। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के चार चरणों में सभी 29 संसदीय सीटों पर मतदान (Vote) संपन्न होने के बाद सामने आए आंकड़ों के अनुसार राज्य में लगभग 67 प्रतिशत मतदान (vote) की जानकारी सामने आई है।
निर्वाचन आयोग (Election Commission) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सभी 29 संसदीय सीटों पर कुल 66.87 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है, जिसमें पुरुषों का मतदान प्रतिशत 69.37 और महिलाओं का 64.24 प्रतिशत रहा।
राज्य में सर्वाधिक मतदान चौथे चरण की आठ संसदीय सीटों पर 72.05 और सबसे कम दूसरे चरण में छह संसदीय सीटों पर 58.59 प्रतिशत दर्ज हुआ।
चारों चरणों में सर्वाधिक मतदान छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में 79.83 प्रतिशत हुआ। इसके अलावा राजगढ़, देवास, मंदसौर और खरगोन में भी 75 फीसदी से अधिक मतदान हुआ।
मतदान के मामले में रीवा संसदीय क्षेत्र सबसे पीछे रहा, जहां 50 फीसदी मतदान भी दर्ज नहीं हुआ। रीवा संसदीय क्षेत्र में कुल 49.43 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुुरुषों का मतदान प्रतिशत 50.71 और महिलाओं का 48.02 प्रतिशत रहा। राज्य के सीधी, टीकमगढ़, खजुराहो, भिंड और मुरैना संसदीय क्षेत्र भी उन लोकसभा सीटों में शामिल रहे, जहां मतदान का आंकड़ा 60 प्रतिशत को भी नहीं छू पाया।
राज्य के चारों महानगरों की संसदीय सीटें मतदान के मामले में बेहद फिसड्डी साबित हुईं। राजधानी भोपाल संसदीय क्षेत्र में 64.06 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं ग्वालियर में मात्र 62.13 फीसदी लोग मतदान के लिए घरों से बाहर निकले। व्यावसायिक राजधानी इंदौर लोकसभा क्षेत्र के कुल 61.67 प्रतिशत लोग मतदान करने पहुंचे तो जबलपुर ने मात्र 61 प्रतिशत मतदान के साथ महानगरों के मतदान प्रतिशत में सबसे नीचे का पायदान हासिल किया।
राज्य के सबसे चर्चित प्रत्याशियों के लिहाज से देखें, तो इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ ने अन्य सभी को पछाड़ दिया। श्री नकुलनाथ के संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा में 79.83 प्रतिशत मतदान हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का संसदीय क्षेत्र राजगढ़ 76.04 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विदिशा संसदीय क्षेत्र में 74.48 फीसदी मतदान हुआ।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के लोकसभा क्षेत्र रतलाम-झाबुआ में 72.94, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के मंडला में 72.84 और ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र गुना-शिवपुरी में 72.43 प्रतिशत मतदान हुआ।
केंद्रीय मंत्री और टीकमगढ़ से प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार का संसदीय क्षेत्र मतदान के मामले में बहुत पीछे रहा। यहां मात्र 60 फीसदी मतदान दर्ज हुआ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के संसदीय क्षेत्र खजुराहो में कुल 56.97 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि यहां से श्री शर्मा के सामने विपक्ष का कोई अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं था। ये सीट कांग्रेस ने गठबंधन साथी समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी थी, लेकिन यहां से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन ही खारिज हो गया था।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups