लखनऊ, 03 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर अपनी सरकार की पांच साल की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पांच साल की उपलब्धियां पिछली सपा और बसपा की सरकारों पर कैसे भारी है।
उप्र के चुनाव सह प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की मौजूदगी में आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार में गुंडाराज चरम पर था। योगी सरकार में माफिया की अवैध सम्पत्तियों पर बुल्डोजर चला है। प्रदेश का माहौल सुधरा तो निवेश आया। निवेश आने से लोगों को रोजगार मिला। प्रदेश की छवि में बदलाव हुआ। योजनाओं का लाभ सबको दिया गया है। युवाओं को पिछली दो सरकारों से अधिक पांच साल में साढ़े चार लाख नौकरी दी गयी। एमएसएमई सेक्टर में रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि पांच साल में शुरू के तीन साल काम करने का अवसर मिला। अखिर के दो साल कोरोना में निकल गये। बावजूद इसके हमारी सरकार ने प्रदेश में चहुंमुखी विकास किया। ईज ऑफ डूईंग बिजनेस में यूपी 14वें से दूसरे स्थान पर आ गया। छठे से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बने। इसके अलावा उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, किसान सम्मान निधि योजना, स्वच्छता मिशन समेत तमाम योजनाओं में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
-मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने पेश की पांच साल की रिपोर्ट
• कोरोना की तीसरी लहर को भी हम नियंत्रित कर चुके हैं।
• एक्टिव केस की संख्या एक लाख के पार थी, अब घटकर 41 हजार रह गई है।
• देश के भीतर सबसे ज्यादा कोविड टेस्ट करने वाला राज्य भी उत्तर प्रदेश है।
• पांच साल भाजपा ने अपने संकल्प के मुताबिक काम किया।
•तीन साल में प्रदेश की छवि सुधारी
• प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया
• यूपी ने कोरोना का डटकर सामना किया
• दो साल से कोरोना के खिलाफ जंग जारी
• केंद्र सरकार के साथ मिलकर कोरोना से लड़ने का काम किया
• प्रदेश में 100 प्रतिशत लोगों को कोरोना की पहली डोज़ और 70% को डबल डोज़ लगे
• बीते पांच साल में यूपी ने कुछ मील के पत्थर भी गढ़े हैं। यूपी की अर्थव्यवस्था सातवें स्थान पर थी। 70 सालों में जो काम नहीं हुआ, उसे हमने पांच साल में दो नंबर पर लाने में सफलता प्राप्त की।
• यूपी की प्रतिव्यक्ति आय 45 हजार वार्षिक थी, ये बढ़कर अब 94 हजार हो गई है।
• 2015-18 में वार्षिक बजट दो लाख करोड़ था, ये अब छह लाख करोड़ हो गया है।
• 1.50 लाख पुलिस भर्ती पारदर्शी तरीके से हुई।
• 86 हजार पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया।
• पुलिस के आधुनिकीकरण पर काम किया।
• यूपी के 75 जिलों में दो साइबर थाने थे। एफएसएल की लैब नहीं थी। फॉरेंसिक जांच के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना होता था। आज यूपी में छह लैब कार्यशील हैं। 18 बन रही हैं।
• महिला पुलिसकर्मियों की संख्या पांच साल में तीन गुना बढ़ी।
• यूपी पहला राज्य है, जहां पिछले पांच साल में कोई दंगा नहीं हुआ। कोई आतंकी घटना नहीं हुई।
• यूपी में एंटी रोमियो डेस्क सफलतापूर्वक काम कर रही हैं।
• यूपी में एनसीआरबी के अनुसार, डकैती 58 फीसदी, हत्या 23 फीसदी, फिरौती 53 फीसदी और बलात्कार के मामलों में 45 फीसदी की कमी आई है।
• 694 पेशेवर अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई हुई।
• माफिया जो बेटी-बहनों की सुरक्षा के लिए खतरा थे, उनकी 2046 करोड़ की प्रॉपर्टी को ध्वस्त किया गया।
• चार लाख 68 हजार करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू हमने साइन किए। यूपी आज निवेश के लिए पसंदीदा स्थान है।
• 2.17 लाख करोड़ का कर्ज एमएसएमई सेक्टर को मिला है।
• एंटी भू माफिया टॉस्क फोर्स के माध्यम से 66 हजार हेक्टेयर जमीन को माफिया से मुक्त कराया।
• बसपा ने 240 लाख मीट्रिक टन, सपा ने 217 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीदा और बीते पांच साल में 794 लाख मीट्रिक टन अनाज क्रय हो चुका है।
• गन्ना किसानों की बात करें तो पहले की सरकारों में 29 चीनी मिलें बंद हुई थीं। पांच साल में चीनी मिल बंद नहीं हुई। यूपी सरकार ने 1.57 लाख करोड़ गन्ना किसानों को भुगतान किया।
• भाजपा सरकार के समय 348 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हुआ।
• मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 11.57 लाख बेटियों को अब तक लाभ मिला है।
• यूपी के 15 हजार 940 गांवों में 23 लाख लोगों को उनकी जमीन का स्वामित्व दिया गया है, जिस पर उनके मकान बने हैं।
• दो करोड़ से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं।
• बेटियों की सुरक्षा के लिए पाक्सो एक्ट के तहत 218 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई गई हैं।
• तीन करोड़ श्रमिक भरण पोषण भत्ते का लाभ ले रहे हैं।
• एक करोड़ युवाओं को मोबाइल-टैबलेट देने की योजना शुरू की है।
• वर्तमान में 1.50 लाख श्रमिकों के बच्चे के लिए शिक्षा की व्यवस्था की है। प्रत्येक मंण्डल मुख्यालय पर अटल आवासीय विद्यालय बन रहा है।
• गरीबों के कल्याण के लिए हर सिर पर छत जरूरी है। यूपी में बीते पांच साल में 45 लाख गरीबों को मकान देने में सफल हुआ है।
• 2.61 गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए हैं।
• पहले सिर्फ 12 मेडिकल कॉलेज थे, पांच सालों में 33 नए मेडिकल कॉलेज सरकार बना रही है। इसमें 17 शुरू हो चुके हैं। इनमें एडमिशन शुरू हो गये हैं। दो एम्स के निर्माण का काम भी पूरा हो चुका है।
• नौ करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना का कवर उपलब्ध कराया जा रहा है।
• उप्र इंसेफलाइटिस जैसी घातक बीमारी को रोकने में सफल हुआ है।
• उप्र का इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बढ़ रहा है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे 12 से 17 के बीच बना। बीते पांच साल में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित हो चुका है। मेरठ-दिल्ली शुरू हो चुका है। गंगा एक्सप्रेसवे व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का काम शुरू हो चुका है। लखनऊ-कानपुर को हम तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। वाराणसी से कोलकाता और गोरखपुर से सिलीगुड़ी के बीच भी एक्सप्रेस वे का काम तेजी से बढ़ रहा है।
• 2007 से 2017 के बीच 496 ब्रिज बने थे। पांच साल में हमने 900 से ज्यादा ब्रिज बनाए हैं।
• उप्र पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य होगा। 2017 से पहले यूपी में मेट्रो सिर्फ गाजियाबाद में थी। अब पांच शहर मेट्रो से जुड़े हैं। देश की पहली रैपिड ट्रेन दिल्ली-मेरठ के बीच 30 हजार करोड़ रुपये की लागत से चलाने का काम चल रहा है।
• यूपी का स्मार्ट सिटी मिशन का काम देश में पहले नंबर पर है।
• 2017 से पहले बिजली भी चेहरा देखकर दी जाती थी, अब यूपी की 25 करोड़ आबादी को बिना भेदभाव के आपूर्ति हो रही है।
• पहले 4730 मेगावाट बिजली बनती थी, अब 8200 मेगावाट से ज्यादा बिजली बनती है।
• भाजपा सरकार का विकास देखना है तो काशी और अयोध्या जाकर देखें।
• हमने भव्य और दिव्य कुंभ का आयोजन कराया। पहले कुंभ में भगदड़ और गंदगी होती थी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 03 , 2022, 05:23 AM