यूपी चुनाव भारत का भाग्य तय करेगा
बुलंदशहर,03 फरवरी(हि.स.)। गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को बुलन्दशहर के अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा जहांगीराबाद अनाज मंडी तथा डिबाई पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि मैं यहां 2022 के चुनाव में जिताने की अपील करने आया हूं। कोरोना के कारण प्रोटोकाॅल है इसलिए हमने तय किया है कि हम इस बार छोटी-छोटी बैठकों के जरिए लोगों तक पहुंचें। देश-दुनिया में समर्पण भाव से छोटी काशी को जाना जाता है। अखिलेश पर हमला बोलते हुए सवाल पूछा कि क्या राजनीति के अंदर जातिवाद और परिवारवाद होना चाहिए। पहले की सरकारें जातिवाद के आधार पर चलीं। भ्रष्टाचार का विकास हुआ, योगी जी की सरकार में राहुल बाबा भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकते। हमने पारदर्शी सरकार देने का काम किया है। शाह ने कहा कि पहले बाहुबली से पुलिस डरती थी, अब वे सरेंडर कर रहे है। आजम और मुख्तार जैसे माफियाओं पर गाज गिरती है तो अखिलेश के पेट में दर्द होता है। दो हजार करोड़ की संपत्ति जिन माफियाओं ने हड़प रखी थी, योगी सरकार ने उसे खाली कराया है। अखिलेश कानून व्यवस्था का सवाल उठाते हैं। यूपी में हत्या, अपहरण, लूट के मामलों में बड़ी कमी हुई है। मेरे पास पूरा रिकॉर्ड है। एक बार और मौका दे दो ,हम यूपी को देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बना देंगे। पिछली सरकारों में सरकारी खजाना खाली था। पहले बिजली नहीं आती थी, अब 24 घंटे मिल रही है। हमने गुंडाराज से मुक्त, दंगों से मुक्त सरकार दी है।
उन्होंने कहा कि शासन अखिलेश के हाथ में होगा तो गुंडों का राज होगा। हमने धारा 370 को उखाड़कर फेंक दिया। आज कश्मीर भारत माता का मुकुट बना। पहले देश की सुरक्षा को कांग्रेस, सपा ताक पर रखते थे। सपा नेता ने कहा-बॉर्डर पर फेंसिंग की क्या जरूरत है। एक जमाना था कि हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे, मोदी जी की सरकार ने आतंकियों के सफाए का काम किया। सिर्फ भाजपा देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हमें तय करना पड़ेगा कि हमें व्यक्ति को चुनना है या देश को। हमारी झोली कमल के फूलों से भर दीजिए, हमारा वादा है कि उत्तरप्रदेश को सुरक्षित और विकसित बनाएंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 03 , 2022, 05:14 AM