फिरोजाबाद, 02 फरवरी (हि.स.)। जनपद की जसराना विधानसभा की सीट पर बदलाव की हवा लगातार चलती रही है। इस सीट पर सपा की हैट्रिक तो बनी लेकिन यहां भाजपा और कांग्रेस ने भी अपनी जीत दर्ज करायी है हालांकि बसपा अभी तक इस सीट पर अपना खाता नहीं खोल सकी है। इस बार के चुनाव में मतदाताओं का क्या रुख होगा, ऊंट किस करवट बैठेगा यह मतदाताओं की चुप्पी के चलते भविष्य के गर्भ में छिपा है।
जनपद में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान और 10 मार्च को मतगणना होगी। जसराना विधानसभा सीट की बात करें तो यहां भाजपा ने अपने वर्तमान विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी का टिकट काटकर यहां भाजपा के जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी को चुनाव मैदान में उतारा है। समाजवादी पार्टी ने इस सीट पर युवा चेहरा इंजीनियर सचिन यादव को उम्मीदवार बनाया है। बहुजन समाज पार्टी ने इस सीट पर सूर्य प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है जवकि कांग्रेस ने इस सीट पर विजयनाथ को उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही कई अन्य दलों व निर्दलीय रूप से उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।
जनपद की यही वह सीट है जहां पर सपा से रामवीर सिंह यादव ने वर्ष 1993, 1996 व 2002 में लगातार तीन बार जीत हासिल कर हैट्रिक बनाई। इसके बाद वह वर्ष 2012 में चौथी बार फिर सपा विधायक चुने गये। इस सीट की जनता ने कांग्रेस को भी वर्ष 1989 में सेवा करने का मौका दिया। इसके साथ ही वर्ष 2007 में निर्दलीय व वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता की सेवा करने का अवसर दिया। लेकिन इस सीट पर अभी तक बसपा कभी चुनाव नहीं जीत पाई है। इस बार के चुनाव में जनता किसे सेवा का मौका देगी और कौन जीत का स्वाद चखेगा यह तो आने वाला 10 मार्च ही तय करेगा लेकिन फिलहाल इस सीट पर मुकाबला रोचक बना हुआ है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 03 , 2022, 02:02 AM