कौशांबी 03 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज कौशांबी के सिराथू विधानसभा से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अनुप्रिया पटेल भी मौजूद रहेंगे।
कौशांबी के मंझनपुर कलेक्ट्रेट में दोपहर करीब 12 बजे नामांकन करने से पहले मौर्य अपनी मां का आशीर्वाद लेंगे और शीतला माता मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और दो केन्द्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में वह कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुये भाजपा उम्मीदवार के तौर पर अपना पर्चा दाखिल करेंगे।
नामांकन के बाद भाजपा अध्यक्ष फायर ब्रिगेड के पास होने वाली सभा को संबोधित करेंगे और कौशांबी इंटर कॉलेज स्थित पार्टी के चुनाव कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे।
इस बीच पिछड़ा बाहुल्य सिराथू विधानसभा से समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन की उम्मीदवार के तौर पर उतारी गयी अनुप्रिया पटेल की बहन पल्लवी पटेल ने उप मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। पल्लवी की मां कृष्णा पटेल अपना दल कमेरावादी पार्टी की अध्यक्ष हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि से चुनाव के मैदान में हैं। भाजपा के सभी कार्यकर्ता केशव हैं और वे सभी सिराथू का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। चुनाव में भाजपा 300 प्लस सीटों के साथ सरकार बनाने जा रही है। भाजपा ने गांव, गरीब, किसान सबके स्वाभिमान और सम्मान के लिए काम किया। अन्य दलों ने परिवार के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि सिराथू की धरती उनके लिए मां की गोद जैसी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 03 , 2022, 10:46 AM