पेगासस प्रकरण को लेकर यूथ कांग्रेस का आंदोलन
महानगर संवाददाता, मुंबई। दादर रेलवे स्टेशन के पास कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में जोरदार नारेबाजी हुई। पेगासस जासूसी के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भाजपा कार्यालय पर मोर्चा निकालने का प्रयास किया। इसका भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध किया। कानून- व्यवस्था की स्थिति बिगड़े नहीं, ऐसे में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस विधायक जीशान सिद्दीकी ने कहा कि हर नागरिक की जासूसी की जा रही है और फोन टेपिंग शुरू है। उन्होंने कहा कि पत्रकार राजनेता और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जासूसी शुरू है देश का नागरिक सुरक्षित नहीं है, ऐसे में मुंबई युवक कांग्रेस की तरफ से यह आंदोलन किया गया। विधायक जीशान सिद्दीकी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
आंदोलन करने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता दादर स्टेशन के बाहर जमा हुए थे। वे दादर स्टेशन से मुंबई भाजपा कार्यालय की तरफ जाने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका और कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
इधर भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से कांग्रेस के आंदोलन का प्रति उत्तर दिया गया। भाजपा कार्यकर्ता जोरदार नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने वसंत स्मृति कार्यलय से बाहर आकर दादर स्टेशन की तरफ जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उनका रास्ता रोक दिया। इस वजह से भाजपा कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर डेरा जमा लिया। इस दौरान पुलिस ने कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की भी की गई। दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, ताकि कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने ना पाए।
कांग्रेसियों को दौड़ा के भगाया: भाजपा
इधर मुंबई भाजपा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जैसे को तैसा जवाब देने को तैयार थे। भाजपा की यह तैयारी देख यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की हिम्मत जवाब दे गई और सभी वहां से नौ दो ग्यारह हो गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दाऊद की औलादों को जूते मारो के नारे लगाते हुए कांग्रेसियों को दौड़ा-दौड़ा के भगाया।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष व विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा, विधान परिषद सदस्य प्रसाद लाड, विधायक कालिदास कोलंबकर, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, युवा मोर्चा मुंबई अध्यक्ष तजिंदर सिंह तिवाना, महिला मोर्चा अध्यक्ष शीतल गंभीर सहित पार्टी के सैकड़ों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस के लोगों को दौड़ा- दौड़ा के भगाया। लोढ़ा ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता भारत माता में विश्वास करता है। भाजपा कार्यालय पर अंगुली उठाने वाले दाऊद और टीपू सुल्तान के पुजारी विधायक जीशान सिद्दीकी सहित कांग्रेसियों पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो भाजपा के कार्यकर्ता सबक सिखाएंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Feb 02 , 2022, 07:40 AM