कोल्हापुर 28 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 12 विधायकों के निलंबन को रद्द करने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए, भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार के नेता सत्ता की शक्ति मिलने से उनका ऐसा व्यवहार हो गया कि ‘हम करें सो कायदा’ है लेकिन अब उद्धव ठाकरे नीत महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार को झटका लगा है।
दिवंगत प्रगतिशील नेता एनडी पाटिल के निवास के सामने श्री पाटिल ने संवाददाताओं से कहा कि शीर्ष न्यायालय ने अपने फैसले पर कहा कि यदि कोई सरकार इस तरह की मनमानी करेगी तो यह लोकतंत्र के लिए खतरा होगा और आज का फैसला अन्य राज्य सरकारों के लिए भी चेतावनी होगी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास था कि उच्चतम न्यायालय से इन बारह विधायकों को न्याय मिलेगा, जिन्हें पिछले साल राज्य विधानसभा ने निलंबित कर दिया था। श्री पाटिल ने कहा कि शीर्ष अदालत ने यह भी विचार व्यक्त किया है कि भाजपा के बारह विधायकों के निलंबन का निर्णय असंवैधानिक था। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बहुमत पर देश के संविधान की अवहेलना करने का एमवीए सरकार का प्रयास असफल रहा और सरकार को आज झटका लगा।
श्री पाटिल ने सुपर मार्केट में शराब बेचने की अनुमति देने के एमवीए सरकार के निर्णय पर सवाल किया कि क्या सरकार किसानों के बच्चों को शराब पीने की आदत डालने की कोशिश कर रही है और अगर सरकार किसानों को न्याय देना चाहती है तो सरकार को किसानों के फल उत्पादन का उचित मूल्य देना चाहिए।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 28 , 2022, 06:14 AM