बांदा 17 अगस्त (वार्ता)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आज कहा कि देश आज भी दूसरों की विदेशी कंपनियों पर निर्भर है। ऐसे में देश कैसे विकसित हो सकता है। सपा प्रमुख बांदा नगर के पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय (Pandit Jawaharlal Nehru College) के मैदान में समाजवादी पार्टी द्वारा जन जागरण हेतु आयोजित दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लाल किले से विकसित भारत के सपने दिखाए जा रहे हैं जबकि हम दूसरों पर निर्भर हैं विदेशी कंपनियां यहां साबुन ,तेल, कपड़े, दाल आदि सभी कुछ बेच रही हैं और हम केवल डिलीवरी ब्वॉय का काम कर रहे हैं। दूसरे देशों में निर्भरता के बाद हमारा देश कैसे विकसित हो सकता है। उन्होंने अपने संबोधन में बिना नाम लिए प्रधानमंत्री व उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री को भी कई बार निशाने पर रखा। जन जागरण हेतु आयोजित दो दिवसीय सपा कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने कार्यकर्ताओं को सचेत किया और कहा कि पिछले ब्लॉक प्रमुख ,जिला पंचायत अध्यक्ष और निकाय नगर निकाय चुनाव में क्या हुआ यह सभी ने देखा है और इस बार अगर वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में यदि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो वे हमसे वोटों का भी अधिकार छीन लेंगे। इसलिए सभी सावधान रहें और अबकी बार उन्हें प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर हराए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जहां सपा का झंडा लगा है हुई वहीं बुलडोजर चल रहा है। उन्होंने पूछा कि भाजपा वालों के अवैध मकान कहां- कहां नहीं बने है। लखनऊ से दिल्ली तक उनके बड़े बड़े नर्सिंग होम और माल के नाम पर आठ - आठ मंजिला भवन अवैध खड़े हैं। आगे समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर उनके ऊपर भी बुलडोजर चल सकता है। क्योंकि न तो बुलडोजर के पास दिमाग होता है और न ही आईएएस व आईपीएस अधिकारी किसी के होते हैं। जिसकी सरकार व उसके साथ होते हैं। जब हमारी सरकार थी। वे हमारे साथ थे। आज भाजपा की सरकार के साथ हैं।
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि नोटबंदी सबसे बड़ा भ्रष्टाचार है। भाजपा शासनकाल में ही बना 2 हजार रुपए का नोट भी अब बंद हो गया और 2- 2 हजार के नोट उनकी तिजोरी में चले गए।
उन्होंने कहा कि किसानों को सम्मान निधि तो दी जा रही है लेकिन 2000 रूपये तिमाही दिए जाने वाली सम्मान निधि की वसूली घर घर पर मीटर लगाकर एक से डेढ़ हजार रुपये तक विद्युत बिल प्रतिमाह वसूला जा रहा है।उन्होंने कहा कि किसी भी किसान की न तो आय बढ़ी है और न ही दुगनी हुई है। किसान का गेहूं 20 रूपये किलो बिक रहा है और आटा महंगा हो गया है।सपा प्रमुख ने यह भी सवाल किया कि टमाटर महंगा होने पर फायदा किसानों को मिला है या अन्य को।
जन जागरण हेतु समाजवादी पार्टी के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, पूर्व उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव, चित्रकूट विधायक अनिल प्रधान सहित समाजवादी पार्टी के अनेकों पदाधिकारी व हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Aug 17 , 2023, 08:21 AM