लखनऊ, 26 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि सीबीआई के डर से राजा महाराजा भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरपीएन सिंह अपना स्कूल बचाने और सीबीआई के डर से कांग्रेस छोड़कर गये हैं। उन्हें जो कुछ मिला सब कांग्रेस ने दिया। अजय लल्लू बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिसे पिछड़ी जाति से चिढ़ हो वह पिछड़ों का नेता नहीं हो सकता। उन्हें खुद को पिछड़ा कहने में शर्म आती है। वह अपने नाम के आगे क्षत्रिय लिखते हैं। कांग्रेस में रहते हुए वह कभी पार्टी कार्यकर्ता के साथ खड़े नहीं हुए और अब उन्हें पिछड़ा वर्ग याद आ रहा है। मुझ जैसे संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता को राहुल गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष बनाया इसलिए वह नाराज थे। खनन के खिलाफ मैंने आन्दोलन किया। हम जेल गये। वह आन्दोलन करने से रोकते थे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने स्वयं केे भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि मैं कांग्रेस का सिपाही हूं। मरते दम तक मैं कांग्रेस में ही रहूंगा। हमारे भाजपा में जाने का सवाल ही नहीं उठता। हमने हमेशा जनहित में सरकार के खिलाफ संघर्ष किया है। अब कांग्रेस में संघर्ष करने वालों की ही जरूरत है। अजय कुमार लल्लू ने बसपा छोड़कर आये अरशद खुर्शीद और असलम खुर्शीद को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई। इससे पूर्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कांग्रेस कार्यालय पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर झण्डारोहण किया। इस मौके पर कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह, प्रवक्ता अंशू अवस्थी, हिलाल नवकी और सचिन रावत प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 26 , 2022, 07:17 AM