महानगर संवाददाता
मुंबई। दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाला साहेब ठाकरे की जयंती पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के दिए गए बयान पर सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस ने जमकर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि शिवसेना का हिंदुत्व केवल कागजों पर है और भाषणों के बाहर नजर नहीं आता।
मनोहर जोशी ने लड़ा था भाजपा के चिन्ह पर चुनाव
यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए फड़नवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बयान दिया कि भाजपा के साथ युति में शिवसेना 25 साल तक सड़ी, तो मैं सवाल पूछना चाहता हूं कि 2010 तक इस युति के नेता स्वर्गीय बाला साहेब ठाकरे थे और उन्होंने ही इस युति को कायम रखा तो क्या बाला साहेब ठाकरे के कारण शिवसेना सड़ी? इतना ही नहीं मैं उनकी सिलेक्टिव मेमोरी को याद दिलाना चाहता हूं कि जब उनकी पार्टी का जन्म भी नहीं हुआ था, तब मुंबई में भाजपा के नगरसेवक, विधायक चुनकर आए थे। यहां तक कि वर्ष 1984 में शिवसेना के उम्मीदवार मनोहर जोशी ने भाजपा के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा था।
यूपी में हुई थी शिवसेना की बुरी हालत
मुख्यमंत्री ने कहा था कि अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद देश भर में शिवसेना की लहर थी और अगर शिवसेना महाराष्ट्र से बाहर निकलती तो आज देश पर शिवसेना का राज होता। इसके जवाब में फड़नवीस ने कहा कि मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि शिवसेना ने वर्ष 1993 में उत्तर प्रदेश विधानसभा की 180 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 179 स्थानों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। इसी तरह 1996 में शिवसेना 24 सीटों पर लड़ी और 23 जगह उसकी जमानत जब्त हो गई। वर्ष 2002 में 39 सीटों पर लड़ी और सभी जगह उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
चौथे नंबर पर पार्टी जाने की कुंठा
फड़नवीस ने कहा कि उनके पैदा होने से पहले हम हिंदुत्वादी हैं। शिवसेना चौथे नंबर की पार्टी बन गई है, इसकी कुंठा उनके मन हैं। उनकी यही कुंठा बाहर आ रही है। शिवसेना का हिंदुत्व केवल कागज और भाषणों तक सीमित है। वे औरंगाबाद की नाम संभाजीनगर नहीं कर पाए, उस्मानाबाद की नाम धाराशिव नहीं रख पाए, लेकिन इलाहाबाद का नाम प्रयागराज हो गया। काशी में मुगल आंक्राताओं ने विश्वनाथ मंदिर तोड़ दिया था, उसे पीएम मोदी ने पूर्णस्वरूप प्रदान किया। जम्मू-कश्मीर में जब धारा 370 हटाई तो शिवसेना की दोहरी भूमिका दिखाई दी।
कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट तक नहीं किया
फड़नवीस ने कहा वंदनीय बाला साहेब ठाकरे की जयंती पर हम सिर ऊंचा कर उनका अभिवादन करते हैं, पर अभिवादन तो छोड़िए सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका ने एक ट्वीट तक नहीं किया। उनसे ट्वीट करके तो दिखाओ। जिन्हें बाला साहेब ठाकरे के जन्मदिन पर ट्वीट करने में शर्म आती है, वे उनके साथ बैठे हैं और हमें ज्ञान बांट रहे हैं।
आप बोलते रहिए, हम करेंगे दिखाएंगे
फड़नवीस ने कहा कि होना तो यह चाहिए था कि वे महाराष्ट्र की समस्याओं पर बोलते। पर बोलते कैसे? सरकार की तरफ से वसूली जारी है। मुंबई मनपा को लूटने का काम हो रहा है। ये सारी चीजें सामने आती, उसे डाइवर्ट करने के लिए मुख्यमंत्री ने यह बात कही है। मैं इतना कहना चाहता हूं कि आप बोलते रहिए हम करके दिखाएंगे।
भाजपा कार्यालय में मना उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस
प्रदेश भाजपा कार्यालय में उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उद्यम प्रदेश बनने के मार्ग पर है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे आदि उपस्थित थे। फड़नवीस ने कहा कि योगीजी ने उत्तर प्रदेश में कानून व व्यवस्था की स्थिति को अच्छी तरह से नियंत्रण में किया गया, जिस कारण से उत्तर प्रदेश में उद्योग- व्यवसायों को गति मिली है। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि मैंने राज्यपाल बनने के बाद राजभवन को आम लोगों के लिए खोला। आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राज्य देश का सर्वोत्तम राज्य बनेगा। राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे ने कहा कि उत्तर प्रदेश में काशी विश्वनाथ धाम बा, राम मंदिर बा, कानून सुव्यवस्था बा’’ इस तरह से जयघोष करते हुए उत्तर प्रदेश की प्रशंसा की । मुंबई में उत्तर प्रदेश दिवस शुरू करने वाले अमरजीत मिश्र का इस कार्यक्रम में सत्कार किया गया। कार्यक्रम का संयोजन आरयू सिंह ने किया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 24 , 2022, 09:54 AM