पटना 24 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन की उम्मीद लगाए बैठे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को मिली निराशा के बाद पार्टी के दो बड़े नेता खुलकर सामने आ गए हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने समझौता नहीं होने को लेकर सोमवार को सीधे-सीधे केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को जिम्मेदार ठहरा दिया है। उन्होंने कहा, “हमने श्री सिंह की बातों पर भरोसा किया।”
श्री ललन सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने चार माह पहले हमलोगों से कहा था कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी गृह मंत्री और भाजपा के दूसरे नेताओं से बात हुई थी, जिसके बाद हमने उन्हें जिम्मेदारी सौंप दी। मंत्री श्री सिंह ने कहा था भाजपा की तरफ से उम्मीदवारों की सूची मांगी गई थी, जिसके बाद 30 उम्मीदवारों की सूची दी गई लेकिन इसके बाद कोई सकारात्मक उत्तर नहीं मिला। बीच में कई दौर की बात हुई। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री सिंह ने भी भरोसा दिया कि बात हो रही है लेकिन इधर समय निकलता जा रहा है।
जदयू के अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ मंत्री श्री सिंह समझौते की बात करते रहे, वहीं दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में प्रेस वार्ता में यह कह रहे थे कि उत्तर प्रदेश में उनका गठबंधन सिर्फ अपना दल और संजय सहनी जी की पार्टी से ही है। यह हमारे लिए चौंकानेवाली बात थी।
श्री ललन सिंह ने कहा कि इसके बाद भी मंत्री श्री सिंह समझौते की बात करते रहे। हमलोंगों ने मंत्री श्री सिंह को कहा कि यदि ऐसा है तो भाजपा को अधिकृत रूप से इसकी घोषणा करनी होगी। मंत्री श्री सिंह ने इस पर हामी भरी, हमने दो दिन तक इंतजार किया। उन्होंने कहा कि चूंकि समय निकल रहा था, ऐसे में हमने और इंतजार करना जरूरी नहीं समझा और 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी।
जदयू अध्यक्ष ने कहा कि हम तो यह मानते हैं कि उनको (मंत्री श्री सिंह) जो भाजपा की तरफ से ऑफर मिल रहा था वह कितना विश्वास के लायक था इस पर मंत्री श्री सिंह को आकलन करना चाहिए। सबसे उपर्युक्त व्यक्ति वही है जो इसका बेहतर उत्तर दे सकते हैं। हमलोगों को उन्होंने जो कहा उस पर भरोसा किया था। पार्टी लाईन से अलग हटकर मंत्री श्री सिंह की तरफ से केंद्र की हां में हां मिलाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब तो वही दे सकते हैं।
श्री ललन सिंह ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को भाजपा की तरफ से खारिज किये जाने पर कहा कि हम तो देश के प्रधान यानि प्रधानमंत्री से मांग कर रहे हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि भाजपा से इसकी मांग कर नहीं रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा समेत सभी दलों ने बिहार विधानमंडल में इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। बिहार को विशेष राज्य के दर्जे की मांग सर्वसम्मत प्रस्ताव से पारित हुआ है । यदि बिहार भाजपा को लगता है कि बिहार को विशेष राज्य के दर्जे की जरूरत नहीं तो साफ-साफ कहे कि राज्य को इसकी जरूरत नहीं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 24 , 2022, 04:13 AM