यशवंत जाधव के कार्यालय के बाहर दिया धरना
भाजपा नगरसेवकों के समर्थन में आए विधायक
मुंबई। शिवसेना पर मनपा में घोटालेबाजी करने का आरोप लगाने वाले भाजपा नगरसेवकों को स्थाई समिति में बोलने नहीं दिया गया. मनपा और सत्ताधारी पर दादागिरी का आरोप लगाते हुए भाजपा नगरसेवकों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। भाजपा नगरसेवक स्थाई समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। यशवंत जाधव ने भाजपा नगरसेवकों से काफी देर तक मान मनव्वल की, इसके बावजूद नगरसेवकों ने उनके अधिकार का हनन किए जाने का आरोप लगाते हुए आंदोलन करने पर अडिग रहे। रात 8 बजे तक आंदोलन चलता रहा।
खबर मिलते ही आंदोलन को और धार देने के लिए मुंबई के कई भाजपा विधायक भी मनपा मुख्यालय पहुंच गए। भाजपा का आरोप था कि सदस्यों को उनकी बात रखने नहीं दिया जा रहा है। शुक्रवार को स्थायी समिति की बैठक में डीपीडीसी के प्रस्ताव पर भाजपा सदस्यों को अपनी बात रखनी थी लेकिन डीपीडीसी का प्रस्ताव शिवसेना के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे का होने के कारण स्थाई समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव ने भाजपा सदस्यों को बोलने नहीं दिया और प्रस्ताव को मंजूर कर दिया। जिसके चलते भाजपा सदस्य स्थायी समिति अध्यक्ष कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। जाधव ने कहा कि भाजपा 3 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार होने का आरोप लगा रही है. हमारा भाजपा का 22 वर्ष का साथ था. क्या वे भी इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं. प्रभाकर शिंदे ने कहा कि नियम कहता है कि समिति के हर सदस्य को प्रत्येक विषय पर बोलने का अधिकार है. छात्रों को टैब देने का प्रस्ताव था. टैब 2015 में 6,589 रुपये में खरीदे गए थे. उब उसी को तीन गुना अधिक कीमत पर खरीदा जा रहा है. पोईसर नदी का 540 करोड़ का प्रस्ताव भी पास कर दिया. उद्यान और सड़कों के लिए 1100 करोड़ रुपये प्रस्ताव था. इनमें से किसी पर बोलने नहीं दिया गया.
कांग्रेस ने भी किया भाजपा का समर्थन
मनपा विरोधी पक्ष नेता रविराजा ने कहा कि लोकतंत्र में चर्चा होनी चाहिए. स्थाई समिति में प्रस्ताव इसी लिए लाये जाते है की उस पर कुछ खामियां है तो सदस्य उसे दूर कराए. स्थाई समिति में भाजपा को जिन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करनी चाहिए उसे छोड़ कर फालतू विषयों पर चर्चा करते रहते हैं. उन्होंने कहा की भाजपा सदस्य डीपीडीसी प्रस्ताव पर चर्चा की मांग कर रहे थे लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया. मेरा मानना है यदि सदस्य किसी भी विषय पर चर्चा की मांग करते हैं तो उन्हें बोलने का अवसर मिलना चाहिए.



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 21 , 2022, 10:30 AM