जयपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। उदयपुर जिले में आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप के मामले पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की कानून व्यवस्था देश में सबसे ज्यादा खराब है, प्रदेश में बहन-बेटियां, आमजन कोई भी सुरक्षित नहीं है, इससे पहले पिछले दिनों बूंदी, अलवर, भरतपुर, बांसवाडा इत्यादि जिलों में दुष्कर्म के मामले सामने आ चुके हैं।
प्रदेश के हालात इस कदर हो चुके हैं कि अपराधी मस्त हैं, जनता त्रस्त है और मुख्यमंत्री वर्चुअल में व्यस्त हैं। डॉ. पूनियां ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में प्रदेश में महिलाओं पर अपराध के मामले दिनों दिन बढ़ रहे हैं, और आदिवासी एवं दलित महिलाओं के खिलाफ भी अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पिछले तीन वर्ष में 6 लाख 51 हजार से अधिक दर्ज हुए मुकदमों में महिलाओं पर अत्याचार के 1 लाख 17 हजार से अधिक मामले हैं, बलात्कार के मामलों में 19.50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिनमें आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार के 5800 से अधिक मामले हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामलों में प्रदेश पहले स्थान पर और दलित एवं आदिवासियों के साथ अत्याचार के मामलों में दूसरे स्थान पर है। इससे स्पष्ट है कि गृहमंत्री अशोक गहलोत जनघोषणा पत्र में जनसुरक्षा के किये वादे को निभाने में पूरी तरह विफल हैं।
प्रदेश की कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए भाजपा लगातार मांग कर रही है कि मुख्यमंत्री गंभीरता दिखाते हुए कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस कार्ययोजना पर कार्य करें या फिर प्रदेश को एक फुल टाइम गृहमंत्री मिलना चाहिए जिससे बहन-बेटियों की सुरक्षा व सम्मान हो सके।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 21 , 2022, 09:51 AM