योगी सरकार सिर्फ विज्ञापनों में अच्छी
लखनऊ, 21 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के सहयोग के बिना किसी की सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। कांग्रेस पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ भी रही है। प्रियंका ने एक चैनल से बातचीत में कहा कि इस वक्त महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है। योगी सरकार सिर्फ विज्ञापनों में अच्छी है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। महिलाओं को सुरक्षा नहीं है। पांच साल में कोई काम नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तय नहीं किया है। हमें चुनाव लड़ना है कि नहीं। पार्टी में चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को मैं छोडूंगी नहीं। मैं काम करती रहूंगी। यहां संघर्ष करने की जरूरत है। यहां की राजनीति बदलने की जरूरत है। यहां पर ऐसी सरकार आनी चाहिए सत्ता में जो सचमुच लोगों का विकास चाहे और प्रदेश को प्रगति के रास्ते पर ले जाये।
प्रियंका गांधी ने कहा कि 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' हमारा अभियान सफल रहा। उत्तर प्रदेश में ग्राम पंचायत स्तर तक हमारा संगठन बना है। नये व पुराने सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित हैं। युवाओं के लिए घोषणा पत्र के बारे में कहा कि हम जहां जाती हूं नौजवानों से मिलती हूं उनसे बात करती हूं। कांग्रेस जॉब कैलेंडर बनायेंगे, जिसमें सभी भर्तियों का कैलेंडर होगा। परीक्षा की तिथि,रिजल्ट और नियुक्ति कब होगी, इसका पूरा विवरण होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। अगर महिलाएं राजनीति में आगे नहीं बढ़ेंगी तो उनके साथ अन्याय खत्म नहीं होगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 21 , 2022, 09:28 AM