भोपाल, 21 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से 23 जनवरी को मुलाकात का समय मिलने के बाद आज यहां धरना समाप्त कर दिया। श्री सिंह से धरनास्थल पर मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने दूरभाष पर चर्चा में कहा कि श्री चौहान उनसे रविवार (23 जनवरी) को लगभग 12 बजे मिलेंगे। श्री सिंह ने इस बातचीत का हवाला देते हुए धरनास्थल पर मीडिया से कहा कि अब वे आज धरना समाप्त कर रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि वे टेम और सिठोलिया परियोजना से प्रभावित किसानों के साथ मुख्यमंत्री से मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे पिछले एक डेढ़ माह से श्री चौहान से मिलने का समय मांग रहे हैं। लेकिन अब तक मिलने में सफल नहीं हो पाए हैं। श्री सिंह के अनुसार दो दिन पहले उनसे कहा गया था कि श्री चौहान 21 जनवरी को लगभग सवा 11 बजे उनसे मिलेंगे, लेकिन एक दिन पहले यह मुलाकात रद्द कर दी गयी। इसलिए वे आज यहां धरने पर बैठने मजबूर हुए थे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सुबह 11 बजे के बाद धरना दिया था और जो लगभग दो बजे बाद समाप्त हो गया। उनके साथ राजगढ़, विदिशा, गुना और भोपाल जिले के जनप्रतिनिधि और किसान भी मौजूद रहे। इसके पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी यहां धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने श्री सिंह का समर्थन किया था।
इसके पहले आज धरना और मुलाकात को लेकर उस समय राजनीति गर्मा गयी, जब श्री कमलनाथ और श्री चौहान की यहां स्टेट हैंगर पर 'मुलाकात' हुयी और दोनों नेता अकेले में 20 मिनट से अधिक समय तक बतियाते रहे। श्री चौहान हेलीकॉप्टर से भोपाल से देवास जिले की यात्रा पर जाने के लिए और श्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से भोपाल लौटते वक्त स्टेट हैंगर पर पहुंचे थे, तभी दोनों नेताओं की यहां संयोगवश मुलाकात हुयी, जो 20 मिनट से अधिक समय तक चली।
इस मुलाकात की खबर मीडिया में तुरंत फैल गयी और श्री कमलनाथ स्टेट हैंगर से धरनास्थल पहुंचे और श्री दिग्विजय सिंह के साथ धरने पर कुछ देर बैठकर बात की। उन्होंने मीडिया से कहा कि श्री चौहान ने उनसे कहा था कि श्री सिंह धरना दे रहे हैं, जबकि वे उनसे मिलने के लिए राजी हैं। श्री कमलनाथ के अनुसार उन्होंने श्री चौहान से कहा कि वे इस संबंध में श्री सिंह से चर्चा करेंगे।
श्री कमलनाथ ने कहा कि लेकिन जब उन्होंने श्री सिंह से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि वे पिछले डेढ़ माह से मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांग रहे हैं। और आज का समय देने के बाद भी उसे रद्द कर दिया गया था। इसलिए वे यहां धरने पर बैठने काे मजबूर हुए। श्री कमलनाथ ने कहा कि वे श्री सिंह और किसानों के साथ हैं।
इसी दौरान श्री कमलनाथ मीडिया के सवाल पर उस समय भड़कते हुए नजर आए, जब पत्रकारों ने बार बार उनसे कहा कि श्री चौहान ने उन्हें मिलने का समय दे दिया और श्री सिंह को नहीं दिया। श्री कमलनाथ ने तेज आवाज में कहा कि श्री चौहान ने उन्हें समय नहीं दिया। वे छिंदवाड़ा से लौट रहे थे और श्री चौहान देवास जिले की यात्रा पर जाने वाले थे और इसी दौरान स्टेट हैंगर पर दोनों की मुलाकात हो गयी।
श्री दिग्विजय सिंह ने कल ही घोषणा कर दी थी कि वे मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे और मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होने पर वहीं पर धरना देंगे। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री निवास और श्री सिंह के निवास के आसपास लगभग एक किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर लिए थे। श्री सिंह को मुख्यमंत्री निवास के काफी पहले ही रोक दिया गया और वे वहीं पर अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 21 , 2022, 04:21 AM