-संजय राऊत बरसे कांग्रेस पर
-मंत्री वडेट्टीवार का पलटवार
मुंबई। गोवा में महाविकास आघाड़ी का प्रयोग सफल नहीं हो पाया है। इस पर शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस की तरफ से राहत और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने पलटवार किया है। वडेट्टीवार ने कहा कि हमारा गठबंधन केवल महाराष्ट्र तक सीमित है। हम सिर्फ सत्ता में साथ हैं। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान गोवा और अन्य राज्यों में गठबंधन को लेकर कोई फैसला लेगी।
पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में भी माहौल गरमा गया है। संजय राऊत का कहना है कि कांग्रेस के साथ अन्य राज्यों में भी गठबंधन होना चाहिए। उनकी इच्छा पड़ोसी राज्य गोवा में कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना के मिलकर चुनाव लड़ने की है, लेकिन कांग्रेस की तरफ से कोई उत्तर नहीं मिला। ऐसे में संजय राऊत ने एक मराठी न्यूज चैनल से बात करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जानकारी नहीं है, लेकिन गोवा में राकांपा और शिवसेना एक साथ हैं। हमने कांग्रेस के लिए प्रयास किया, उनसे चर्चा की, लेकिन उन्हें लगता है कि वे 40 में से 45 सीटें जीत जाएंगे। उन्हें इतना भरोसा है तो हम उनका भरोसा क्यों तोड़ें? यदि वे 40 में से 45 सीटें जीतते हैं, तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
राऊत पर पलटवार करते हुए मंत्री विजय वडेट्टीवार कहा कि हमारा गठबंधन सिर्फ महाराष्ट्र में है और हम सिर्फ सत्ता में एक साथ हैं, इसलिए कांग्रेस आलाकमान गोवा और अन्य राज्यों में गठबंधन को लेकर फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि संजय राऊत का एक अंक में विधायक आने का बयान शिवसेना से संबंधित है। वडेट्टीवार ने कहा कि संजय राऊत के बयान से कोई फर्क नहीं पड़ता।
यूपी में सपा से बातचीत जारी: मलिक
राकांपा के मुख्य प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे के फार्मूले पर सपा के साथ बातचीत कर रही है और अब तक राकांपा के लिए एक सीट तय की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति 1993 की तरह ही है, जब भाजपा सत्ता से बेदखल हुई थी। उत्तर प्रदेश में 1993 के चुनावों में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने भाजपा को झटका देने के लिए तत्कालीन बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख कांशीराम से हाथ मिलाया था। सपा-बसपा गठबंधन ने अन्य दलों के समर्थन से सरकार बनाई, जबकि उस समय भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Jan 15 , 2022, 10:16 AM