बाड़मेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेशाध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके मंत्री भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के इन मामलों की जांच कराई जाएगी।
डा पूनियां ने बाड़मेर सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और राजस्थान में भ्रष्टाचार के मामलों की सीबीआई जांच हो तो हकीकत सामने आ जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आते ही इन सभी भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भ्रष्टाचार की बात करते हैं, लेकिन उनके खुद के विभागों में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, वह खुद बेबस और लाचार हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार को अब तक की सबसे नकारा, निकम्मी, भ्रष्ट और अराजक सरकार बताते हुए कहा कि आश्चर्य होता है कि जनघोषणा पत्र में जीरो टॉलरेन्स की बात करने वाले मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि मेरे महकमे में भी भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, आंकड़े इस बात को प्रमाणित करते हैं।
उन्होंने कहा कि जैसलमेर, बाड़मेर में किसी समय यह माना जाता था कि इतने सुदूरवर्ती क्षेत्र में पार्टी के संगठन का आधार विकसित करना एक बड़ी चुनौती है, अभी कार्यक्रमों में दोनों जिलों में मेरा आने का मकसद पार्टी को एक सामजिक रूप दें और पार्टी निरंतरता के साथ काम करे। इसलिए जो हमारे बहुआयामी काम हैं, संगठन की रचना ठीक हो, लोकहित के मुददों पर मुखर होकर काम करेंl इसलिए पार्टी के नीचे स्तर को सर्वस्पर्षी और सर्वव्यापी बनाने के लिए जिसमें खासतौर पर बूथ स्तर पर कार्यकारणियां सक्रिय रूप से काम करें।
उन्होंने कहा कि पार्टी के जो सात मोर्चे की बड़ी भूमिका है और यह सातों मोर्चे मुखर होकर कार्य करें, ऐसी मेरी कोशिश है। पार्टी का संगठन निचले स्तर तक मुखर होकर काम करें, ऐसी मेरी कोशिश और विजन है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 10 , 2022, 09:42 AM