ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने वेस्टइंडीज को 43 रनों से हराया! बेथ मूनी को  'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया

Fri, Mar 20 , 2026, 03:01 PM

Source : Uni India

Australia vs West Indies Women's Cricket:  बेथ मूनी (Beth Mooney) (79) और अलाना किंग  (Alana King)(तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने पहले टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 43 रनों से हराया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। बेथ मूनी को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच (Player of the Match)' के पुरस्कार से नवाजा गया। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की महिला टीम ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 121 रन ही बना सकी और मुकाबला 43 रनों से हार गई। 

कियाना जोसेफ और हेली मैथ्यूज (Kiana Joseph and Hayley Matthews) की सलामी जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। सातवें ओवर में अलाना किंग ने हेली मैथ्यूज (11) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी शेमेन कैंपबेल ने कियाना जोसेफ के साथ पारी को संभाला और स्कोर को 76 के स्कोर तक ले गई। 12वें ओवर में किम ग्राथ ने कियाना जोसेफ को आउट कर वेस्टइंडीज को बड़ा झटका दिया। कियाना जोसेफ ने 39 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 45 रन बनाये। अगले ही ओवर अलाना किंग ने शेमेन कैंपबेल (15) और डिआंड्रा डॉटिन (शून्य) को आउटकर मैच पर ऑस्ट्रेलिया की पकड़ मजबूत कर ली।

 इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। 20वें ओवर में स्टेफनी टेलर (28) और जाहजारा क्लैक्सटन (शून्य) को वेयरहम ने आउट किया। चिनेल हेनरी 12 रन बनाकर नाबाद रही। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने गुरुवार रात खेले गये मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 164 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 34 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिये। जॉर्जिया वॉल (आठ), फीबी लिटचफील्ड (छह) रन बनाकर आउट हुई। 

इसके बाद एलिस पेरी ने बेथ मूनी के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिये 99 रनों की साझेदारी हुई। 17वें ओवर में डिआंड्रा डॉटिन ने एलिस पेरी (36) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। अगले ही ओवर में चिनेल हेनरी ने बेथ मूनी का शिकार कर लिया। बेथ मूनी ने 55 गेंदों में सात चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 79 रन बनाये। एश्ले गार्डनर (एक) और जॉर्जिया वेयरहम (नौ) रन बनाकर आउट हुई। वेस्टइंडीज की महिला टीम के लिए डिआंड्रा डॉटिन ने तीन विकेट लिये। चिनेल हेनरी को दो विकेट मिले। जाहजारा क्लैक्सटन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups