रांची: झारखंड कांग्रेस ने अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने वर्ष 2025 को ‘संगठन सृजन वर्ष’ घोषित करते हुए पूरे राज्य में सांगठनिक मजबूती के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में कांग्रेस ने 10 नवंबर से 19 नवंबर तक रांची के कटहल मोड़ स्थित बैंकेट हॉल में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आज बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी संगठन को अधिक प्रभावी और जुझारू बनाना है। उन्होंने कहा कि इसमें झारखंड के सभी जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिला ऑब्जर्वर को एआईसीसी से आये प्रशिक्षक ट्रेनिंग देंगे। यह प्रशिक्षण कांग्रेस संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यशैली, जनसंपर्क, रणनीति निर्माण और बूथ प्रबंधन को मजबूत करने पर केंद्रित होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन तीन जिलों के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। 10 नवंबर को लातेहार, पलामू, गढ़वा; 11 नवंबर को चतरा, कोडरमा, हजारीबाग; 12 नवंबर को रामगढ़, बोकारो, धनबाद; 13 नवंबर को गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर; 14 नवंबर को दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़; 15 नवंबर को रांची महानगर, रांची ग्रामीण, लोहरदगा; 16 नवंबर को गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां; 17 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा, 18 और 19 नवंबर को झारखंडभर से चुने गए 75 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे बाद में अपने-अपने जिलों के सभी बीएलए को प्रशिक्षित कर सकें। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी बेला प्रसाद, एआईसीसी के विशेष आमंत्रित सदस्य, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से संगठन को नई धार मिलेगी और पार्टी का आधार गांव-गांव तक सशक्त होगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Oct 28 , 2025, 08:26 AM