India and Namibia have: भारत और नामीबिया की साझा विरासत, दोनों के सपने और आशा एक हैं-मोदी

Wed, Jul 09 , 2025, 11:08 PM

Source : Uni India

विंडहोक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा है कि भारत और नामीबिया की साझा विरासत है। दोनों देश सम्मान तथा स्वतंत्रता को महत्व देते हैं और ग्लोबल साउथ (Global South) का हिस्सा होने के कारण हमारे सपने तथा आशा एक समान हैं। नामीबिया की यात्रा पर गये श्री मोदी ने बुधवार को नामीबियाई संसद (Namibian Parliament) के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए उन्हें यह सम्मान दिये जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा ,''लोकतंत्र के मंदिर इस गरिमामय सदन को संबोधित करना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। मुझे यह सम्मान देने के लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूँ। मैं आपके समक्ष लोकतंत्र की जननी के प्रतिनिधि के रूप में खड़ा हूँ और मैं अपने साथ भारत के 1.4 अरब लोगों की हार्दिक शुभकामनाएँ लेकर आया हूँ।''

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच की समानताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी विरासत साझा है और हमारे देशों के लोगों के सपने तथा आशाएं भी एक हैं। उन्होंने कहा ,''भारत और नामीबिया में बहुत कुछ समान है। हम दोनों ने औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध संघर्ष किया है। हम दोनों ही सम्मान और स्वतंत्रता को महत्व देते हैं। हमारा संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय को बनाए रखने के लिए मार्गदर्शन करता है। हम वैश्विक दक्षिण का हिस्सा हैं और हमारे लोग आशा और सपने साझा करते हैं।''
श्री मोदी ने कहा कि संविधान की ताकत से बड़ी कोई ताकत नहीं होती और दोनों देशों के संविधान लोगों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय के शासन में विश्वास बनाये रखने के लिए मार्गदर्शन करते हैं।

नामीबिया के लोगों द्वारा पहली महिला राष्ट्रपति चुने जाने का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत के लोग भी आपके साथ इस खुशी को साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में महिला राष्ट्रपति है और ''हम भी गर्व से मैडम प्रेसिडेंट कहते हैं।'' उन्होंने कहा कि यह भारत के संविधान की शक्ति है कि एक गरीब आदिवासी परिवार की बेटी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की राष्ट्रपति है। प्रधानमंत्री के संबोधन शुरू करने से पहले संसद सदस्यों ने खड़े होकर कुछ देर तक तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups