गया। प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार 09 जून को शपथ लेने के बाद पहली दफा बिहार दौरे (Bihar tour) पर पहुंचे नरेंद्र मोदी का बुधवार को गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Gaya International Airport) पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वाराणसी से विशेष विमान के जरिए गया पहुंचे मोदी का हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (Union Minister Jitan Ram Manjhi) तथा बिहार सरकार के मंत्री प्रेम कुमार (Bihar Government Minister Prem Kumar) ने स्वागत किया। इसके बाद श्री मोदी हेलीकॉप्टर से राजगीर के लिए रवाना हो गए । प्रधानमंत्री सबसे पहले प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय (Nalanda University) के भग्नावशेष को देखने जाएंगे। इसके बाद वह सुबह 10.30 बजे राजगीर में नालंदा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय (Nalanda International University) के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे। वह वहां नालन्दा विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे देश विदेश के छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बुधवार को सुबह ही इस बारे में सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, "यह हमारे शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत खास दिन है । आज सुबह करीब 10:30 बजे राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन किया जाएगा। नालन्दा का हमारे गौरवशाली अतीत से गहरा नाता है। यह विश्वविद्यालय निश्चित रूप से युवाओं की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद करेगा।"
नालंदा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के नए परिसर के उद्घाटन में बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विदेश मंत्री एस जयशंकर तथा 17 देशों चीन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, भूटान, ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मॉरीशस, म्यांमार, पुर्तगाल, सिंगापुर, श्रीलंका, थाईलैंड और वियतनाम के राजदूत भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री करीब डेढ़ घंटे तक राजगीर में रहेंगे और समारोह की समाप्ति के बाद 11 बजकर 45 मिनट पर वह हेलीकॉप्टर से गया के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jun 19 , 2024, 10:21 AM