बैंकर की नौकरी से राजनीति के शिखर पर पहुंचे अरुण कुमार भारती

Sat, Jun 08 , 2024, 01:53 AM

Source : Uni India

पटना। दिवंगत राजनेता रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) के संघर्ष की कहानियों से प्रभावित होकर राजनीति में कदम रखने वाले अरुण भारती (Arun Bharti) ने बैंकर से व्यवसायी और अब सांसद, हर क्षेत्र में कामयाबी का परचम लहराया है। अरुण भारती को राजनीति विरासत (inherited politics) में मिली थी। उनकी मां डॉक्टर ज्योति कांग्रेस की दिग्गज नेत्री हैं। वह भोजपुर जिले (Bhojpur district) की सहार सीट से दो बार विधायक और विधान पार्षद भी रह चुकी हैं। 

वह कांग्रेस की सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। अरुण भारती के पिता राम यश राम बोकारो स्टील सिटी में कमर्शियल ऑब्जर्वर के पद पर काम कर चुके थे। अरुण दिवंगतने ता रामविलास पासवान की बेटी निशा पासवान के पति और चिराग पासवान के बहनोई हैं।अरुण ने बिरला पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज आफ कामर्स से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है जबकि यूनाइटेड किंगडम (इंग्लैंड) के यूनिवर्सिटी आफ स्ट्रैटक्लैड में एमबीए की पढ़ाई की है। मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री लेने के बाद भारत लौटे अरुण भारती ने दिल्ली में एक बैंकर के रूप में मल्टीनेशनल कंपनी बैंक स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के साथ काम करना शुरू किया।

 भारती ने बिहार में युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए पटना और कोलकाता में कॉल सेंटर स्थापित करके उद्यमशीलता की यात्रा शुरू की और नौकरी छोड़ दी। उन्होंने बिहार में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम किया और लगभग 200 युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देते हुए टाटा मोटर्स के लिए डीलरशिप शुरू की। इसके अलावा एक ऑनलाइन व्यवसाय शुरू करने के अलावा बिहार में उपभोक्ता सहायता केंद्र खोलकर बिहार के युवाओं के लिए रोजगार देने का काम जारी रखा।

रामविलास पासवान की संघर्ष की कहानियां से अरुण भारती बेहद प्रभावित हुये। वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने शेखपुरा जिले में चिराग पासवान के लिए चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी निभाई। यह पहला मौका था जब वह चुनावी राजनीति के संबंध में प्रत्यक्ष रूप से अपनी भागीदारी निभाई थी। श्री भारती लगातार लोक जनशक्ति पार्टी के राजनीतिक आयोजनों और समारोहों में शामिल होते रहे। वर्ष 2021 में जब लोजपा दो हिस्से में बंट गई तो संकट की घड़ी में समर्थन देने के लिए चिराग पासवान के कंधे से कंधा मिलाकर वह खड़े रहे। पार्टी टूटने के बाद चिराग पासवान द्वारा शुरू की गई जन आशीर्वाद यात्रा में सीधे तौर पर अरुण भारती शामिल हुए। अरुण भारती 2019 में ही लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन बात नहीं बन सकी।

वर्ष 2024 के चुनाव में लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने बहनोई अरुण भारती को जमुई (सु) से उम्मीदवार बनाया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रत्याशी उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार अर्चना कुमारी को एक लाख 12 हजार 482 मतों के अंतर से पराजित किया और पहली बार सांसद बनें। अरूण भारती-निशा पासवान के दो बच्चे पुत्र अथर्व और पुत्री अहाना है।

 भारती ने कहा है, "मैं कभी भी राजनीति में शामिल होने के लिए उत्सुक नहीं था और एक उद्यमी बनकर खुश था। लेकिन, मैं राम विलास पासवान के व्यापक विश्वदृष्टिकोण से बहुत प्रभावित हुआ था। अब जब मैं चुनावी राजनीति में प्रवेश कर चुका हूं तो मैं समझता हूं कि राजनेता किन कठिनाइयों से गुजरते हैं। मैं लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रहा हूं। जमुई की जनता ने चिराग पासवान को 10 साल सेवा का मौका दिया। जमुई की जनता ने मेरे सिर जीत का सेहरा सजाया। इसका मैं आभार व्यक्त करता हूं। 

2014 से लेकर 2019 के लोकसभा चुनावों तक चिराग पासवान ने जमुई की जनता के बीच अपनी छाप छोड़ी। इसके बाद अब मुझे जमुई की जनता का सेवा करने का मौक़ा मिला है। स्व. रामविलास पासवान की ज़िम्मेदारियों को पूरा करने के लिए अब लोजपा (रामलिवास) के नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं।जमुई की जनता ने जिस उम्मीद के साथ मुझे ज़िम्मेदारी सौंपी है, उन्हें बता देना चाहता हूं कि जमुई को दो-दो सांसद मिले हैं। पहले से ही जमुई चिराग पासवान की कर्मभूमि है, इसलिए एक सांसद चिराग के रूप में मिले। वहीं मुझे जीत दिलाकर जनता ने एक और सांसद पा लिया है। जमुई की जनता की हर एक समस्या को दूर करना मेरी प्राथमिकता होगी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups