ईटानगर, 2 जून (वार्ता)। अरुणाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) (BJP) राज्य विधानसभा चुनावों (Assembly Elections) में जीत हासिल करती दिख रही है। यहां भगवा पार्टी 10 सीटें निर्विरोध जीतने के बाद 28 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है, जबकि उसकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस एक सीट पर आगे है।
चुनाव आयोग के पास उपलब्ध शुरुआती रुझानों के अनुसार भाजपा 28 सीटों पर, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) 8 सीटों पर, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी-अजीत पवार (एनसीपी-एपी) (Congress Party-Ajit Pawar (NCP-AP)) 3 सीटों पर और पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए)दो और इंडियन नेशनल कांग्रेस (आईएनसी) एक सीट पर सीटों पर आगे चल रही है। जबकि सुबह 9 बजे तक दो निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के साथ ही हुए 19 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती सुबह 6 बजे शुरू हुई।
अधिकारियों ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और परेशानी मुक्त हो यह सुनिश्चित करने के लिए माकूल इंतजाम किये गये है।
मतगणना प्रक्रिया को पूरा करने के लिए दो हजार से अधिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त पूरी कार्यवाही की निगरानी के लिए ईसीआई द्वारा 27 मतगणना पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, इस कार्य के लिए 489 मतगणना माइक्रो पर्यवेक्षकों को भी नियुक्त किया गया है।
भाजपा द्वारा पहले ही प्राप्त की जा चुकी 10 सीटों के साथ अरुणाचल प्रदेश में 60 सदस्यीय विधानसभा के 50 विधायकों को चुनने के लिए मतदान हुआ, जिसमें 83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
50 विधानसभा सीटों के लिए कुल मिलाकर 133 उम्मीदवार मैदान में थे।
एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों के मुताबिक 60 सदस्यीय सदन में 44 से 51 सीटें हासिल कर भाजपा प्रचंड जीत हासिल कर सकती है।
वरिष्ठ भाजपा नेता और मुख्यमंत्री पेमा खांडू, जिन्होंने बिना किसी मुकाबले के अपनी पारंपरिक मुक्तो सीट जीती, ने राजनीतिक दलों को आने वाले फैसले को विनम्रता के साथ स्वीकार करने का सुझाव दिया।
श्री खांडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “लोकतंत्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता पर समझौता नहीं किया जा सकता है और फैसले को विनम्रता के साथ स्वीकार करना सभी के लिए जरूरी है।”
उन्होंने कहा, “हमारे राज्य के लोग सर्वांगीण विकास की गति को जारी रखने के लिए उत्सुक हैं।”



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jun 02 , 2024, 09:44 AM