कौन होगा उत्तर मुंबई का सरताज?

Thu, Mar 28, 2024, 07:31

Source : Hamara Mahanagar Desk

मनोज दुबे/ आशीष सिंह  
मुंबई।
उत्तर मुंबई लोकसभा सीट ( North Mumbai Lok Sabha seat) पर भाजपा ने चेहरा बदल दिया है। क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद गोपाल शेट्टी का टिकट काटकर उनकी जगह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) को मैदान में उतारा गया है। अभी तक राज्यसभा सदस्य रहे गोयल पहली बार जनता के बीच उतर रहे हैं। यह लोकसभा सीट भाजपा की पारंपरिक सीट मानी जाती है। महाविकास आघाड़ी की तरफ से अभी तक अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि इस सीट पर कांग्रेस की जगह शिवसेना ठाकरे गुट का प्रत्याशी उतारा जा सकता है और विनोद घोसालकर को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। संभाजी छत्रपति नगर के प्रभारी विनोद घोसालकर के बेटे अभिषेक घोसालकर (Abhishek Ghosalkar) की 8 फरवरी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के मामले के आरोपी को जेल भेज दिया गया है। ऐसे में घोसालकर को मतदाताओं की सहानुभूति मिल सकती है।
वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने इस सीट से "छम्‍मा छम्‍मा" गर्ल उर्मिला मातोंडकर को उतारा था। उर्मिला से उम्मीद थी कि वे भाजपा के गोपाल शेट्टी को कड़ी टक्‍कर देंगी, लेकिन वे कोई भी करिश्मा दिखाने में नाकाम रहीं। गोपाल शेट्टी को कुल  706,678 (72.27 प्रतिशत) और उर्मिला मातोंडकर को  241,431 यानी 24.69 प्रतिशत मत मिले थे। इस सीट पर लंबे समय तक भाजपा के वरिष्ठ नेता राम नाईक का कब्जा रहा। राम नाईक को हराने के लिए कांग्रेस ने फिल्‍म अभिनेता गोविंदा को मैदान में उतारा। वर्ष 2004 के चुनाव में गोविंदा ने राम नाईक को हराया। इसके बाद साल 2009 में इस सीट से कांग्रेस के संजय निरुपम चुने गए। इसके बाद से इस सीट पर एक तरह से गोपाल शेट्टी का कब्जा रहा।    

भौगोलिक स्थिति और विधानसभा क्षेत्र  
मुंबई उत्तर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र छह विधानसभा क्षेत्र दहिसर, बोरीवली, कांदिवली पूर्व, मागाठाणे, मालाड पश्चिम और चारकोप से मिलकर बना है। यह क्षेत्र दहिसर पूर्व चेकनाका से शुरू होता है और मालाड पूर्व कुरार विलेज तक जाता है। वहीं पश्चिम वाले इलाके में दहिसर पश्चिम से शुरू होकर मालाड, मालवणी और एवरशाइन नगर तक उत्तर मुंबई क्षेत्र में आता है। लोकसभा क्षेत्र के 6 विधानसभा सीटों में से 4 पर भाजपा विधायक हैं। बोरीवली में सुनील राणे, दहिसर में मनीषा चौधरी, कांदिवली पूर्व में अतुल भातखलकर, चारकोप में योगेश सागर भाजपा के विधायक हैं, जबकि मागाठाणे में शिवसेना शिंदे गुट के  प्रकाश सुर्वे विधायक हैं। केवल एक विधानसभा क्षेत्र मालाड पश्चिम में कांग्रेस के विधायक असलम शेख हैं।  

मराठी वोटरों की संख्या अधिक
2019 के चुनाव की अपेक्षा इस चुनाव में 95 हजार 492 वोटर बढ़े हैं। अब उत्तर मुंबई में कुल 17 लाख 42 हजार 700 वोटर रजिस्टर हैं। इनमें से 5 लाख 48 हजार 400 मराठी वोट हैं, जो कुल वोटरों के 32 प्रतिशत वोट हैं। 4 लाख 85 हजार 300 वोट गुजराती और राजस्थानी वोट हैं जो कुल वोटरों का 28 प्रतिशत है। 3 लाख 51 हजार 800 वोट उत्तर भारतीय लोगों के हैं, जो कुल वोटरों का 20 प्रतिशत है। 1 लाख 55 हजार 700 वोट मुस्लिम वोट हैं, जो कुल वोटों के 9 प्रतिशत वोटर हैं। 1 लाख 18 हजार 800 ईसाई वोटर हैं, जो कुल वोटरों के 3 प्रतिशत वोटर हैं। सिंधी और दूसरे समाज के 29 हजार 900 वोटर हैं, जो कुल वोटरों का 2 प्रतिशत हैं। अनुसूचित जाति के  60 हजार 287 और अनुसूचित जनजाति के 16 हजार 294 वोटर हैं। क्षेत्र में मराठी वोटरों की संख्या प्रभावी है, इसे देखते हुए शिवसेना ठाकरे गुट की तरफ से प्रत्याशी देने की संभावना अधिक है।  

उत्तर मुंबई की समस्याएं
उत्तर मुंबई में सबसे बड़ी समस्या झोपड़पट्टी पुनर्वास (slum rehabilitation) की है। कई झुग्गी बस्तियां का पुनर्वास पूरा भी हो चुका है, लेकिन उनमें रहने वालों को घर नहीं मिला है। यहां बड़ी संख्‍या में लोग वन विभाग की सीमा में रहते हैं, उनका पुनर्वास भी एक बड़ी समस्‍या है। दहिसर पूर्व में रहने वाले संदीप दुबे का कहना है कि उनका घर रिडेवलपमेंट में गया, लेकिन अभी तक नया घर नहीं मिला है। शिवशंकर तिवारी का घर केतकी पाड़ा इलाके में है, उनका कहना है कि कई सालों से पैसे भरने के बावजूद उनका अब तक पुनर्वास नहीं हुआ है। दिनेश पांडे जो अपने परिवार के साथ यहां रहते हैं, उन्हें अब तक पानी के कनेक्शन नहीं मिला है।

वोट का गणित
उत्तर मुंबई लोकसभा सीट पर 32 प्रतिशत मराठी वोटर हैं और ये किसी भी प्रत्याशी का भाग्य तय कर सकते हैं, लेकिन यहां की कमान गुजराती-मारवाडी वोटरों के हाथ में है और ये भाजपा के परंपरागत वोट माने जातहैं। महाविकास आघाड़ी प्रत्याशी की कोशिश अधिक से अधिक मराठी वोटरों को अपनी तरफ आकृष्ट करने की रहेगी और यदि थोक में अल्पसंख्यक वोट भी उसे मिल गए तभी भाजपा को दिक्कत हो सकती है। लोकसभा सीट (lok sabha seat) में उत्‍तर भारतीय वोटरों की खासी तादाद है, वर्ष 2014 के पहले तक उत्तर भारतीय कांग्रेस को एकतरफा वोट करते थे, लेकिन अब वे भाजपा के पक्ष में झुके नजर आते हैं।    

Latest Updates

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups