मुंबई। ओबीसी आरक्षण रद्द होने के कारण राज्य के 32 जिलों की 97 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। इन चुनावों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। भाजपा ने 24 नगर पंचायतों में जीत हासिल कर सर्वाधिक 384 सीटें जीती हैं। इसके बाद राकांपा 344 सीटें जीतकर नंबर दो, कांग्रेस 316 सीटें जीतकर नंबर तीन और शिवसेना 284 सीटें जीतकर चौथे नंबर पर रही। 2017 में भाजपा के विभिन्न नगर पंचायतों में 344 सदस्य थे। बुधवार को 106 नगर पंचायतों में से 97 के चुनाव परिणाम घोषित किए गए। गडचिरोली जिले की सभी 9 नगर पंचायतों की मतगणना गुरुवार 20 जनवरी को होगी।
भाजपा नंबर वन पार्टी थी और रहेगी: फड़नवीस
चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार धनशक्ति, दंडशक्ति और सत्ता का कितना भी दुरुपयोग कर ले, भाजपा पहले नंबर की पार्टी थी और रहेगी। अकेले भाजपा ने 24 और सहयोगियों को मिलाकर 30 नगर पंचायतों में सत्ता हासिल की है। जिला परिषद और नगरपंचायत चुनाव में भाजपा को मिली सफलता के शिल्पकार हमारे कठोर परिश्रमी कार्यकर्ता हैं। उन सभी का अभिनंदन। साथ ही महाविकास आघाड़ी सरकार के कामकाज को नकारने वाले मतदाताओं का भी मनपूर्वक अभिनंदन करता हूं।
फिर से सिद्ध हुआ भाजपा अव्वल: पाटिल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि नगर पंचायत के साथ ही भंडारा व गोंदिया जिला परिषद चुनाव में भाजपा को सर्वाधिक स्थान मिलने से यह फिर से एक बार सिद्ध हो गया है कि भाजपा ही नंबर वन है। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा को पहले नंबर की पार्टी बनाने के लिए मतदाताओं और पार्टी के गांव- गांव के नेताओं- कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि गोंदिया जिला परिषद में भाजपा की सत्ता रहेगी तो भंडारा जिला परिषद में सहायता लेकर भाजपा सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 26 महीनों से भाजपा राज्य में सत्ता से बाहर है तब भी पार्टी का संगठन मजबूत है।
राकांपा ने भी किया नंबर वन का दावा
राष्ट्रवादी कांग्रेस ने नगर पंचायत चुनाव में पार्टी के नंबर वन रहने का दावा किया है। प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने राकांपा के पक्ष में मतदान करने के लिए सभी मतदाताओं का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि राकांपा के परिवार संवाद के तहत गांव-गांव का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद कायम कर उनके विचार सुने गए। पार्टी संगठन के लिए विभिन्न गतिविधियां, आंदोलन और कार्यक्रम किए गए। जनता दरबार की पहल से लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गए प्रयासों से राकांपा को फायदा हुआ।
चुनाव परिणाम संतोषजनक: पटोले
चुनाव परिणाम को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने संतोषजनक बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन सुधरा है। विदर्भ में पार्टी आगे बनी हुई है। वहीं कोकण में पार्टी ने खाता खोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने महाविकास आघाड़ी को अपना मत दिया है और भाजपा को नकार दिया है। पिछली बार भाजपा के पास 600 सीटें थी जो अब घटकर 300 के आसपास रह गई है। हम 17 नगर पंचायत से 22 तक जा पहुंचे हैं।
तीन मंत्रियों को लगा झटका, रोहित पाटिल, रोहित पवार नए सितारे बनकर उभरे
नगर पंचायत चुनावों में कई दिग्गजों को जोर का झटका लगा तो कई नए सितारे भी उभरे। महाविकास आघाड़ी के तीन मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा। सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे को बीड़, कांग्रेस नेता तथा कृषि राज्य मंत्री विश्वजीत कदम को सांगली और गृह राज्य मंत्री शंभुराजे देसाई को सातारा में तगड़ा झटका लगा। वहीं रोहित पाटिल और रोहित पवार ने अपने क्षेत्रों में राकांपा को जीत दिलाई।
शशिकांत शिंदे को झटका
राकांपा नेता शशिकांत शिंदे को सातारा के कोरेगाव नगर पंचायत में हार का सामना करना पड़ा है। यहां उन्हें शिवसेना विधायक महेश शिंदे ने कड़ी टक्कर दी। नगर पंचायत की 17 में से 13 सीटें शिवसेना के खाते में गई। इसके पहले शशिकांत शिंदे भी सातारा जिला बैंक के निदेशक पद के चुनाव में हार गए थे।
नहीं चला धनंजय मुंडे का करिश्मा
धनंजय मुंडे को बीड में झटका लगा। वे बीड़ की पांच में से केवल एक वडवणी नगर पंचायत में राकांपा को स्पष्ट बहुमत दिलवा पाए। जबकि शिरूर-कासार, पाटोदा और आष्टी नगर पंचायत में भाजपा विधायक सुरेश धस ने एक बार फिर से अपना वर्चस्व स्थापित किया है। बीड़ में मिली जीत के बाद भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे ने मंत्री धनंजय मुंडे पर हमला बोला। पंकजा ने अपने चचेरे भाई धनंजय का नाम लिए बिना कहा कि विधानसभा चुनाव में परली सीट पर दुर्घटनावश मिली जीत का काफी अहंकार हो गया है। राज्य मंत्री विश्वजीत कदम अपने गृह जिले सांगली के कडेगाव नगर पंचायत में कांग्रेस को जीत नहीं दिला सके। कांग्रेस के वर्चस्व वाले कडेगाव नगर पंचायत में 25 साल बाद कमल खिला है।
पाटण में पराजित हुई देसाई
प्रदेश के गृह राज्य मंत्री शंभुराजे देसाई सातारा के पाटण नगर पंचायत चुनाव में शिवसेना को जीत दिलाने में विफल साबित हुए हैं। पाटण नगर पंचायत चुनाव में राकांपा ने 17 में से 15 सीट हासिल कर शिवसेना को हराया है। राकांपा विधायक रोहित पवार ने अहमदनगर के कर्जत नगर पंचायत चुनाव में एक बार फिर से अपना करिश्मा दिखाया है। जबकि भाजपा के पूर्व मंत्री राम शिंदे को एक बार फिर से झटका लगा है।
आबा के बेटे का कमाल
राकांपा के वरिष्ठ नेता तथा दिवंगत आरआर पाटिल के बेटे रोहित पाटिल ने सांगली के कवठे-महाकाल नगर पंचायत में राकांपा को 17 में से 10 सीटों पर भारी जीत दिलाई है। इस जीत पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रोहित की जमकर तारीफ की है। राजस्व राज्य मंत्री अब्दुल सत्तार ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे को औरंगाबाद के सोयगाव नगर पंचायत चुनाव में चित कर दिया है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 19 , 2022, 09:03 AM